उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमती नगर में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। गोमती नगर थाने के बेहद करीब स्थित आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) की शाखा के बाहर बैंक की एक महिला अधिकारी की निर्मम हत्या कर दी गई है। मृतका की पहचान गोमती नगर ब्रांच में रिलेशनशिप मैनेजर के रूप में कार्यरत दिव्या मिश्रा के रूप में हुई है।
लखनऊ : गोमती नगर में दिनदहाड़े मर्डर से सनसनी
➡️ICICI बैंक की महिला अधिकारी की निर्मम हत्या
➡️गोमती नगर ब्रांच की रिलेशनशिप मैनेजर की हत्या
➡️ICICI बैंक के बाहर पति ने गोली मार दी
➡️रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या मिश्रा को गोली मारी
➡️दिव्या को गोली मारकर पति मौके से भागा
➡️गोमती नगर… pic.twitter.com/iz9GLs5iw2— भारत समाचार | Bharat Samachar (@bstvlive) August 20, 2026
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिव्या मिश्रा का अपने पति के साथ काफी समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार को जब वे अपनी ड्यूटी पर बैंक पहुंची थीं, तभी वहां उनका पति पहुंचा और किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी पति ने बैंक के बाहर ही दिव्या मिश्रा को गोली मार दी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं। इस भयानक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार होने में कामयाब हो गया।
गोली चलने की आवाज से बैंक परिसर और आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और उच्च अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपी पति की तलाश के लिए दबिश दे रही है। इस घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।













