उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच आजाद अधिकार सेना के प्रमुख अमिताभ ठाकुर ने वाराणसी की शिवपुर विधानसभा सीट से एक अनोखे प्रत्याशी को मैदान में उतारने का ऐलान किया है। पार्टी ने संतोष मूरत को टिकट दिया है, जिन्हें लोग ‘डेड मैन अलाइव’ के नाम से जानते हैं। संतोष मूरत का दावा है कि सरकारी दस्तावेजों में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया है, जिसके बाद वह अपने अधिकारों के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं।
संतोष मूरत कई वर्षों से सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं और खुद को जिंदा साबित करने के लिए अभियान चला रहे हैं। वह अपने कंधे पर ‘मुर्दा जिंदा है’ लिखा पोस्टर लेकर अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाते हैं। उनका आरोप है कि उनके पाटीदारों ने धोखे से उन्हें सरकारी रिकॉर्ड में मृत घोषित करवा दिया, जिससे वह कई सुविधाओं और अधिकारों से वंचित हो गए।
अमिताभ ठाकुर ने फोन कॉल के जरिए संतोष मूरत को वाराणसी शिवपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की जानकारी दी। उन्होंने संतोष के संघर्ष से प्रभावित होकर उन्हें पार्टी का उम्मीदवार बनाया। टिकट मिलने के बाद संतोष मूरत ने अमिताभ ठाकुर का आभार जताते हुए कहा कि जनता सर्वोपरि है और अब वह सीधे जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों की आवाज उठाएंगे।
अब सभी की नजर इस बात पर है कि ‘मुर्दा जिंदा है’ के तौर पर पहचान बना चुके संतोष मूरत का नामांकन उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में स्वीकार होता है या नहीं।












