होशियारपुर। पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना अब और बड़े पैमाने पर लागू हो रही है। बुधवार को आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने होशियारपुर से 15 वातानुकूलित बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ये बसें बुजुर्ग श्रद्धालुओं को लेकर सालासर बालाजी-श्री खाटू श्याम, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन के लिए निकलीं। दोनों नेताओं ने बसों के अंदर जाकर सुविधाओं का जायजा लिया और श्रद्धालुओं से बातचीत भी की।
पूरी यात्रा का खर्चा सरकार उठाएगी
अरविंद केजरीवाल ने इस मौके पर कहा कि यह लोगों के लिए जिंदगी का बड़ा अवसर है। उन्होंने बताया कि भगवंत मान सरकार अब तक 4 लाख से ज्यादा तीर्थयात्रियों को मुफ्त यात्रा करा चुकी है। बसें पूरी तरह एयर-कंडीशंड और स्लीपर हैं। यात्रियों को आने-जाने, रहने और खाने-पीने का कोई खर्चा नहीं उठाना पड़ेगा।

ठहरने के लिए अच्छे होटलों का इंतजाम किया गया है और हर जगह बेहतर बसें उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने बताया कि अगले कुछ महीनों में पंजाब से डेढ़ लाख लोगों को अलग-अलग तीर्थ स्थलों पर भेजा जाएगा।
तीर्थयात्री पंजाब की खुशहाली की अरदास कर लौटें
सीएम भगवंत मान ने कहा कि धार्मिक स्थल हमें आपसी भाईचारे और मानवता का संदेश देते हैं। उन्होंने बताया कि होशियारपुर, गुरदासपुर, पठानकोट, जालंधर और कपूरथला से ऋषिकेश-हरिद्वार के लिए 10 बसें, फगवाड़ा और गुरदासपुर से मथुरा-वृंदावन के लिए 2 बसें और जालंधर व गुरदासपुर से श्री खाटू श्याम-सालासर के लिए 3 बसें भेजी गई हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे वहां से पंजाब की बेहतरी, तरक्की और तंदुरुस्ती की अरदास करके लौटें।

मुफ्त सुविधाओं की पूरी व्यवस्था
मान ने बताया कि हर तीर्थयात्री के लिए एसी स्लीपर बस, वातानुकूलित कमरे, मुफ्त भोजन और मेडिकल बीमा की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। हर बस में एक अटेंडेंट भी रहेगा, जबकि दर्शन सुचारू कराने के लिए हर गंतव्य पर विशेष टीमें तैनात की गई हैं। यात्रा पूरी होने पर सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद और पीतल का गिलास स्मृति चिह्न के रूप में दिया जाएगा।

मान ने बताया कि इस योजना पर अब तक 148 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं और 10 लाख तीर्थयात्रियों को यात्रा कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा, श्री आनंदपुर साहिब में एक टेंट सिटी भी स्थापित की गई है, जिससे यह यात्रा बेहद सुचारू रूप से चल रही है।












