सिद्धार्थनगर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सिद्धार्थनगर जिले को 311 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने जिले में 107 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र की 44 और बांसी विधानसभा क्षेत्र की 65 परियोजनाएं शामिल हैं।
वही कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि सिद्धार्थनगर भगवान बुद्ध की धरती है और यह जिला विकास के पायदान पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 9 वर्षों में सिद्धार्थनगर ने विकास के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं।
मुख्यमंत्री ने काकोरी कांड का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने काकोरी कांड को डकैती कहा था और क्रांतिकारियों के प्रति उसका रवैया सही नहीं था। उन्होंने कहा कि आज देश ने कांग्रेसियों को ही भुला दिया है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्रांतिकारियों को सम्मान देने का काम किया है।
सीएम योगी ने कहा कि आज भारत विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास विकास का कोई विजन नहीं था और पूर्व की सरकारों ने देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दल आज भी समाज को बांटने का काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने बताया कि देश में AIIMS की संख्या 8 से बढ़कर 23 हो गई है।उन्होंने तिरंगा यात्रा में शामिल हुए 30 हजार युवाओं का भी जिक्र किया और कहा कि युवाओं में देशभक्ति की भावना लगातार मजबूत हो रही है।














