उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से एक हैरान कर देने वाला और फिल्मी प्रेम प्रसंग सामने आया है, जहाँ प्यार में पागल एक युवक सरहद पार करके सीधे पाकिस्तान जा पहुंचा। अलीगढ़ के थाना बरला क्षेत्र का रहने वाला बादल बाबू नाम का यह युवक अपनी प्रेमिका ‘सना’ से मिलने की चाहत में अवैध तरीके से पाकिस्तान पहुंच गया था। अब परिजनों का दावा है कि वह वहां अपनी एक साल की सजा पूरी कर चुका है और फिलहाल पाकिस्तान के एक डिटेंशन सेंटर में बंद है।
मिली जानकारी के अनुसार, बादल बाबू के अचानक गायब होने और पाकिस्तान में होने की खबर मिलने के बाद से उसके परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। अपने बेटे को वापस वतन लाने के लिए परिजनों ने अलीगढ़ के जिलाधिकारी अविनाश कुमार से गुहार लगाई है। परिवार की अपील पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने इस मामले में विदेश मंत्रालय को एक पत्र लिखा है, ताकि राजनयिक स्तर पर प्रयास करके युवक को सुरक्षित भारत वापस लाया जा सके।
यह घटना सोशल मीडिया और स्थानीय गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग इस बात से हैरान हैं कि आखिर कोई कैसे सिर्फ प्यार के खातिर सीमाओं को लांघकर दुश्मन देश तक जा सकता है। फिलहाल, जिला प्रशासन और विदेश मंत्रालय के स्तर से इस संवेदनशील मामले में आगे की कानूनी और कूटनीतिक प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है, और परिजनों को बादल की वतन वापसी की उम्मीद बंधी है।













