अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। लॉस एंजिलिस स्थित ट्रंप के गोल्फ कोर्स के बाहर सुरक्षा एजेंसियों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हथियार और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ट्रंप के कार्यक्रम से दो दिन पहले सुरक्षा व्यवस्था की तस्वीरें और वीडियो बना रहा था।
गोल्फ कोर्स के बाहर संदिग्ध गतिविधि के बाद हुई गिरफ्तारी
लॉस एंजिलिस काउंटी शेरिफ विभाग के अनुसार, रविवार को गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 38 वर्षीय जीनीन जॉन टेले (Jeanine John Taele) के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के पास से 16 राउंड की मैगजीन और गोला-बारूद बरामद किया गया। इसके अलावा उसकी कार की तलाशी में एक लोडेड पिस्तौल भी मिली।
आरोपी के घर से मिले कई हथियार
कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने सोमवार को कैलिफोर्निया के डाउनी शहर स्थित आरोपी के घर की तलाशी ली। इस दौरान बड़ी संख्या में आग्नेयास्त्र, मैगजीन, गोला-बारूद, बुलेटप्रूफ जैकेट और कुछ नोटबुक बरामद की गईं।
अधिकारियों ने बताया कि नोटबुक में कुछ चिंताजनक बातें लिखी थीं, हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि उनमें क्या लिखा था। साथ ही यह भी नहीं बताया गया कि आरोपी राष्ट्रपति ट्रंप या किसी कार्यक्रम को निशाना बनाने की योजना बना रहा था या नहीं।
ट्रंप के कार्यक्रम से पहले बढ़ाई गई थी सुरक्षा
यह गिरफ्तारी उस समय हुई जब डोनाल्ड ट्रंप रिपब्लिकन नेशनल कमेटी (RNC) के रात्रिभोज कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रैंचो पालोस वर्देस स्थित ट्रंप नेशनल गोल्फ कोर्स पहुंचने वाले थे।
कई गंभीर आरोपों में दर्ज हुआ केस
जीनीन जॉन टेले के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उस पर सेकेंड-डिग्री डकैती, बड़ी क्षमता वाली मैगजीन रखने, छोटे बैरल वाली राइफल या शॉटगन रखने और वाहन में छिपाकर हथियार रखने जैसे आरोप लगाए गए हैं।
आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां उसने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया।
पहले से डकैती मामले में चल रही थी जांच
शेरिफ विभाग ने बताया कि जब अधिकारियों ने रविवार को आरोपी से संपर्क किया, तो जानकारी मिली कि एल सेगुंडो पुलिस विभाग पहले से ही उसके खिलाफ डकैती के एक मामले की जांच कर रहा था।
हालांकि अधिकारियों का कहना है कि इस घटना के बावजूद फिलहाल स्थानीय समुदाय के लिए कोई विश्वसनीय खतरा नहीं है।
बता दें कि साल 2025 में एक जूरी ने फ्लोरिडा स्थित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कंट्री क्लब में उनकी हत्या की कोशिश करने के आरोपी व्यक्ति को दोषी ठहराया था।














