मुंबई के सबसे घनी आबादी वाले और ऐतिहासिक इलाके धारावी की तस्वीर अब पूरी तरह बदलने जा रही है। धारावी रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट के तहत इलाके के पर्यावरण को सुधारने और एक बेहतरीन शहरी माहौल तैयार करने के लिए एक मेगा ग्रीन प्लान की शुरुआत की गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना के केंद्र में मीठी नदी का रेस्टोरेशन और एक नया ग्रीन-ब्लू नेटवर्क रखा गया है, जो आने वाले समय में मुंबईवासियों के लिए एक मिसाल बनेगा। इस प्रोजेक्ट के तहत धारावी और उसके आसपास के इलाकों में कुल 40,000 पेड़ लगाए जाएंगे और उनका संरक्षण किया जाएगा।

इस मास्टरप्लान की सबसे बड़ी खासियत माटुंगा पुलिया से मीठी रिवरफ्रंट तक बनने वाला 3.3 किलोमीटर लंबा पब्लिक रिवरफ्रंट प्रोमेनेड है। यह सुंदर वॉकवे सभी मुंबईकरों के लिए खुला रहेगा, जिसमें व्यूइंग डेक, कैफे और सांस्कृतिक गतिविधियां के लिए जगह होगी। नदी के इकोसिस्टम को बचाने के लिए इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिसमें प्रदूषण सोखने वाले और देसी पेड़-पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही, बारिश के पानी के प्रबंधन और भूजल स्तर को बढ़ाने के लिए पारगम्य फर्श और बायोस्वेल जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। यह रिवरफ्रंट पार्क, साइकिल ट्रैक और एक बड़ी 15 मीटर चौड़ी ग्रीन स्पाइन से जुड़ा होगा, जिससे पूरे इलाके में हवा का सर्कुलेशन बेहतर होगा और अर्बन हीट आइलैंड इफेक्ट कम होगा।

अदाणी नवभारत डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा उठाए जा रहे इन कदमों के तहत काटे जाने वाले पेड़ों की तुलना में लगभग पांच गुना यानी 40,000 नए पेड़ चरणों में लगाए जाएंगे। पर्याप्त जमीन न होने के कारण पालघर के चहाड़े गांव में पहले ही 30,000 पेड़ लगाए जा चुके हैं, और इस मानसून के दौरान लगभग 75,000 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। पेड़ों की देखरेख और उनकी उत्तरजीविता दर को बेहतर बनाने के लिए पर्यावरण परामर्शदात्री संस्था ‘टेराकॉन’ को पांच साल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस पूरे वनीकरण और रखरखाव का खर्च ANDPL द्वारा उठाया जाएगा।
यह प्रोजेक्ट न केवल धारावी के निवासियों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाएगा, बल्कि पूरे मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) में जैव विविधता और वायु गुणवत्ता को भी मजबूत करेगा। महाराष्ट्र सरकार और अदाणी ग्रुप के साझा प्रयास से तैयार यह रीमेक फ्रेमवर्क धारावी को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल शहरी जगह में तब्दील करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।















