वाराणसी। उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र में खेल को बढ़ावा देने के लिए केंद्र की मोदी और राज्य की योगी सरकार ने वाराणसी को बड़ा केंद्र बनाया है। पूर्वांचल में खेलों को बढ़ावा देने के पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रयासों का असर अब जमीनी स्तर पर दिखने लगा है। वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय स्तर के अत्याधुनिक सिगरा स्टेडियम में नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (NCEO) के लिए देशभर से पहलवानों का हुजूम उमड़ पड़ा है।


सिगरा स्टेडियम में कुश्ती प्रशिक्षण के लिए चल रहे चयन प्रक्रिया के तहत स्किल टेस्ट में हिस्सा लेने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिभावान खिलाड़ी पहुंचे हैं। वाराणसी NCEO के डिप्टी डायरेक्टर सुधांशु द्विवेदी ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए कुश्ती के कुल 36 सीट है और इसमें चयन के लिए ट्रायल में कुल 141 कुश्ती खिलाड़ियों ने अपना दम-खम दिखाया, जिसमें 30 महिला और 111 पुरुष पहलवान शामिल हैं। अंतरराष्ट्रीय मानकों के आधार पर नवनिर्मित सिगरा स्टेडियम में इन खिलाड़ियों की प्रतिभा को परखा जा रहा है।


द्रोणाचार्य अवॉर्डी और लखनऊ के चीफ़ कोच की निगरानी में चयन प्रकिया..
कुश्ती के खिलाड़ियों के पारदर्शी और उच्च स्तरीय चयन के लिए विशेष रूप से द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित देश के दिग्गज प्रशिक्षक और लखनऊ साईं प्रशिक्षण केंद्र कुश्ती के चीफ़ कोच वाराणसी पहुंचे हैं। उनकी देखरेख में खिलाड़ियों की तकनीक, स्टैमिना और दांव-पेच का बारीकी से मूल्यांकन किया जा रहा है। चयन प्रक्रिया के लिए दिल्ली से नामित द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित महावीर प्रसाद और महा सिंह राव के साथ साईं प्रशिक्षण केंद्र लखनऊ के चीफ़ कोच साहिल शर्मा शामिल है।


वाराणसी NCEO में इन खेलों की भी मिलेगी ट्रेनिंग…
साईं (SAI) सेंटर वाराणसी सिगरा के डिप्टी डायरेक्टर सुधांशु द्विवेदी ने बताया कि पूर्वांचल के खिलाड़ियों के लिए यह एक स्वर्णिम अवसर है। इस NCEO सेंटर में न केवल कुश्ती, बल्कि बॉक्सिंग (मुक्केबाजी), तलवारबाजी और शूटिंग (निशानेबाजी) के खिलाड़ियों को भी विश्व स्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे भविष्य में ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मेडल विजेता तैयार किए जा सकें। इस सेंटर के छात्रावास में अंतर्राष्ट्रीय मानक पर तैयार 200 कमरों को बनाया गया है। गौरतलब है कि वाराणसी में सिगरा स्टेडियम को अत्याधुनिक और अंतर्राष्ट्रीय मानकों पर तैयार किया गया है, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर पूर्वांचल के खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात दी थी।














