गाजियाबाद के राजेंद्र नगर इलाके में पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने मखाना कारोबार की आड़ में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर पर छापेमारी कर 17 महिलाओं समेत कुल 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी “जैनसन इंटरनेशनल” नाम से मखाना कारोबार का बोर्ड लगाकर अंदर से बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर ठगी का खेल चला रहे थे।
पूरे नेटवर्क का संचालन मुख्य आरोपी अभिषेक जैन कर रहा था
वही पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह अलग-अलग जॉब पोर्टल से बेरोजगार युवाओं का डेटा खरीदता था। इसके बाद गिरोह के सदस्य युवाओं को कॉल कर अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा देते थे और रजिस्ट्रेशन फीस, प्रोसेसिंग फीस समेत अन्य बहानों से पैसे वसूलते थे। ठगी के इस पूरे नेटवर्क का संचालन मुख्य आरोपी अभिषेक जैन कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, अभिषेक जैन की पत्नी हिना पंवार, कुछ रिश्तेदार और अन्य साथी भी इस साइबर अपराध में शामिल थे। पुलिस ने मौके से 12 लैपटॉप, 37 मोबाइल फोन और 47 सिम कार्ड बरामद किए हैं। इसके अलावा कई फर्जी पहचान पत्र, एक ऑडी कार और डेटा से भरी पेन ड्राइव भी मिली है।
गिरोह बड़े स्तर पर साइबर ठगी को अंजाम दे रहा था
बरामद सामान से पुलिस को अंदेशा है कि गिरोह बड़े स्तर पर साइबर ठगी को अंजाम दे रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और कितनी रकम की ठगी की गई है। साथ ही पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश भी कर रही है।














