नोएडा/लखनऊ। नोएडा के सेक्टर-66 स्थित ममूरा गांव के लालडोरा इलाके में बुधवार को एक भीषण अग्निकांड ने भारी तबाही मचाई। एक पांच मंजिला अवैध इमारत में स्कूटी चार्जिंग के दौरान लगी आग ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें दो लड़कियों की दर्दनाक मौत हो गई और 50 से अधिक परिवार फंस गए। हादसे में करीब 10 वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गए।
सीएम योगी ने संज्ञान लेकर दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अग्निकांड का तत्काल संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन के आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचें और राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाई जाए। सीएम ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि घायलों को तत्काल उचित चिकित्सा सुविधा मिले और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जाए।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। बिल्डिंग में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। इस हादसे ने एक बार फिर लखनऊ कोचिंग अग्निकांड की यादें ताजा कर दी हैं और शहर में अवैध निर्माणों तथा अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।













