ठाणे: महाराष्ट्र में डोंबिवली के शास्त्री नगर हॉस्पिटल में डॉक्टरों और नर्सों पर कथित हमले के मामले में गिरफ्तार किए गए शिवसेना पार्षद रमेश म्हात्रे की हालत गिरफ्तारी के बाद बिगड़ गई है। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए ठाणे सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। डोंबिवली ACP सुहास हेमाडे ने बताया कि रमेश म्हात्रे को सेहत में दिक्कत होने की वजह से हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि संबंधित डॉक्टरों की मेडिकल रिपोर्ट आने और ज़रूरी मेडिकल परमिशन मिलने के बाद इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के खिलाफ डॉक्टर हड़ताल पर चले गए
वही पुलिस के मुताबिक, डोंबिवली के विष्णुनगर पुलिस स्टेशन में दर्ज एक केस में रमेश म्हात्रे को इंडियन पीनल कोड (IPC) के सेक्शन 132 और 121(1) के तहत गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में अब तक कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। दूसरी ओर, अस्पताल के डॉक्टरों ने घटना के खिलाफ अपनी हड़ताल जारी रखी है। डॉक्टरों का आरोप है कि अस्पतालों में कानून-व्यवस्था को पूरी तरह से नज़रअंदाज़ किया जा रहा है। अलग-अलग मेडिकल संगठनों ने भी राज्य सरकार से तुरंत दखल देने और घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
प्रेग्नेंट महिला का इलाज जारी
DCP अतुल जेंडे ने बताया कि घटना के बाद विष्णुनगर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई। उन्होंने कहा, FIR दर्ज होने के बाद उसी रात 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 2 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया। इसके बाद चौथे आरोपी रमेश म्हात्रे को भी गिरफ्तार कर लिया गया है और कानून के मुताबिक मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।’
ACP सुहास हेमाडे ने बताया कि झगड़ा एक प्रेग्नेंट महिला के इलाज को लेकर शुरू हुआ था। उनके मुताबिक, महिला मरीज के साथ आए लोगों की हॉस्पिटल स्टाफ से इलाज को लेकर कहासुनी हो गई।
‘गलत भाषा का इस्तेमाल क्यों किया गया ?’
वही हेमाडे ने बताया कि इसके बाद आरोपियों ने ड्यूटी पर मौजूद एक डॉक्टर, एक लेडी डॉक्टर और एक नर्स के साथ मारपीट की। उन्होंने बताया कि इतना ही नहीं, उन्हें गालियां भी दी गईं और धमकियां भी दी गईं। हेमाडे ने बताया कि पीड़ित डॉक्टर की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है और सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।














