बॉलीवुड के मशहूर एक्टर सलमान खान को मुंबई के बांद्रा में एक नई छह मंज़िला रेजिडेंशियल बिल्डिंग बनाने की मंज़ूरी मिल गई है। बता दे यह प्लॉट उनकी मां सलमा खान के नाम पर रजिस्टर्ड किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक्टर जल्द ही अपने परिवार के लिए बांद्रा में एक नया छह मंज़िला बीच हाउस बनाने वाले हैं। महाराष्ट्र कोस्टल ज़ोन मैनेजमेंट अथॉरिटी (MCZMA) ने 16 जून को इस प्रोजेक्ट को मंज़ूरी दी थी। यह नया घर बांद्रा के चिंबई इलाके में बनेगा, जो सलमान खान के मौजूदा घर गैलेक्सी अपार्टमेंट से कुछ दूरी पर है। सलमान खान 1974 से गैलेक्सी अपार्टमेंट में रह रहे हैं।
गैलेक्सी अपार्टमेंट में हुई थी फायरिंग
गौरतलब है कि साल 2024 में, गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर बाइक सवार दो हमलावरों ने फायरिंग की थी। जांच में पता चला कि हमलावर बिश्नोई गैंग से जुड़े थे। इस घटना के बाद सलमान खान की सिक्योरिटी बढ़ा दी गई थी और उन्हें Y+ सिक्योरिटी दी गई थी। साथ ही, जिस बालकनी से वह अपने फैंस का अभिवादन करते थे, उसे बुलेटप्रूफ ग्लास से सुरक्षित कर दिया गया था।
इस नई बिल्डिंग में ग्राउंड फ्लोर, स्टिल्ट पार्किंग और छह फ्लोर होंगे। इसका कुल कंस्ट्रक्शन एरिया करीब 1,014 स्क्वेयर मीटर होगा। यह प्रोजेक्ट सच डेवलपर्स बनाएगा। BMC ने इसके लिए अक्टूबर 2025 में इनिशियल परमिशन (IOD) जारी की थी।
एरिया में लोकल प्रजाति के नए पेड़ लगाए जाएंगे
बताया गया है कि कंस्ट्रक्शन के काम के दौरान कोई पेड़ नहीं काटा जाएगा। इसकी जगह, जगह और आस-पास के एरिया में लोकल प्रजाति के नए पेड़ लगाए जाएंगे। मेन रोड से हटकर एक शांत गली में बना यह नया घर सलमान खान और उनके परिवार को पहले से ज़्यादा सिक्योरिटी और प्राइवेसी देगा। हालांकि, इस पूरे प्रोजेक्ट पर सलमान खान या उनकी टीम की तरफ से कोई रिएक्शन नहीं आया है।















