वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में स्मार्ट पुलिसिंग और देश विदेश से आने वाले पर्यटकों व श्रद्धालुओं के बीच समन्वय बैठाने के लिए समय – समय पर कई प्रयोग किया जाता है। इस बार वाराणसी की जल पुलिस को पुलिस कमिश्नर के आदेश पर स्मार्ट बनाने के लिए उनके ड्रेस को चेंज किया जा रहा है।वाराणसी में आने वाले दिनों में अब जल पुलिस के जवान पीले टी-शर्ट और नीले जींस के साथ नीले रंग के लाइफ जैकेट में दिखेंगे। जल पुलिस के जवान नए ड्रेस के साथ नए कलेवर में दिखेंगे। इसके लिए जल पुलिस के जवानों को श्रद्धालुओं से सौहार्द पूर्ण तरीके से व्यवहार रखने के साथ पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर विशेष ट्रेनिंग भी दी जाएगी।
जल पुलिस की अलग पहचान होने से श्रद्धालु और पर्यटकों को मदद लेने में होगी सहूलियत
वाराणसी में गंगा घाट के किनारे आने वाले लाखों पर्यटक और श्रद्धालुओं के बीच जल पुलिस की टीम अपने बदले हुए खास ड्रेस में कुछ अलग ही दिखेंगे। इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जल पुलिस से सहायता मांगने और उन्हें सूचना देने में सहूलियत होगी। जल पुलिस के ड्रेस को चेंज किए जाने को लेकर वाराणसी जल पुलिस के एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि काशी में गंगा नदी किनारे आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए कई कवायत की जा रही है। गंगा में फ्लोटिंग लगाए जाने का कार्य किया जा गया और इसके साथ ही नावों पर बिना लाइफ जैकेट यात्रा करवाए जाने पर भी सख्ती से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में अब जल पुलिस लाखों श्रद्धालु और पर्यटकों के बीच कैसे अलग दिखे इसको लेकर उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद उनके ड्रेस को चेंज करने का आदेश दिया गया है। जून के महीने में ही जल पुलिस के जवान पीले टी -शर्ट और नीली जींस में दिखेंगे और जब वह पेट्रोलिंग और गंगा किनारे ड्यूटी पर रहेंगे तो उन्हें एक खास नीले कलर का लाइफ जैकेट दिया जाएगा जो सभी से अलग होगा। इससे श्रद्धालु और पर्यटक किसी मुसीबत में होंगे तो दूर से ही जल पुलिस के जवानों को आसानी से पहचानकर उनसे मदद ले पाएंगे। वही श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित रखने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी को और एक्टिव किए जाने के लिए एक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा, जहां से 24 घंटे सभी घाटों की निगरानी की जाएगी।












