उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली और दिल को दहला देने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के सहियापुर गांव में जमीन के मामूली विवाद में एक छोटे भाई ने अपने सगे बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया और इसके बाद खुद भी फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी जान दे दी। एक ही परिवार में हुई इस दोहरी मौत की घटना से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और गांव में भारी पुलिस बल तैनात है।
जमीन विवाद में भाई बना भाई का काल
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सहियापुर गांव के रहने वाले दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से पैतृक जमीन के हिस्से को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद इस कदर बढ़ गया कि छोटे भाई ने आव देखा न ताव और गुस्से में आकर अपने बड़े भाई पर धारदार हथियार यानी फावड़े से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। फावड़े के इस घातक वार से बड़े भाई की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
भाई को मारने के बाद खुद लगा ली फांसी
बड़े भाई की हत्या करने के बाद जब छोटे भाई का गुस्सा शांत हुआ और उसे अपनी इस खौफनाक गलती का अहसास हुआ। इसके बाद उसने घर पर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक ही घर से दो सगे भाइयों के शव मिलने के बाद परिजनों की चीख-पुकार से पूरा गांव दहल उठा।
मौके पर पहुंचे डीआईजी, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
घटना की गंभीरता को देखते हुए कानपुर रेंज के डीआईजी हरीश चन्दर तुरंत आला अधिकारियों के साथ सहियापुर गांव पहुंचे। डीआईजी ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली। मामले की कड़ियों को जोड़ने और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड (फॉरेंसिक व क्रिमिनल ट्रैकिंग टीम) को भी मौके पर बुलाया गया है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।














