अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप की हत्या की एक बेहद खौफनाक साजिश का सनसनीखेज पर्दाफाश हुआ है। ईरान की सेना ‘इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स’ (IRGC) से ट्रेनिंग पाए एक खतरनाक इराकी आतंकवादी ने इवांका ट्रंप की जान लेने का पूरा प्लान तैयार कर लिया था। सुरक्षा एजेंसियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया है, जिसकी पहचान 32 वर्षीय मोहम्मद बाकर साद दाऊद अल-सादी के रूप में हुई है।
‘द पोस्ट’ अखबार के मुताबिक, अल-सादी छह साल पहले अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे गए अपने गुरु और ईरानी सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेना चाहता था। गौरतलब है कि बगदाद में डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर ही अमेरिका ने सुलेमानी को ढेर किया था। अल-सादी तभी से ट्रंप परिवार को तबाह करने की फिराक में था।
‘हमें इवांका को मारना होगा’— मिला आलीशान घर का ब्लूप्रिंट
जांच एजेंसियों को आरोपी अल-सादी के पास से फ्लोरिडा में मौजूद इवांका ट्रंप के आलीशान घर का पूरा ब्लूप्रिंट बरामद हुआ है, जिससे साफ है कि वह लंबे समय से रेकी कर रहा था। वाशिंगटन में इराकी दूतावास के पूर्व डिप्टी मिलिट्री अटैची एंतिफाध कनबर ने बताया कि सुलेमानी की मौत के बाद अल-सादी अक्सर कहता था, “हमें इवांका ट्रंप को मारना होगा और ट्रंप के पूरे घर को उसी तरह जलाकर खाक करना होगा, जैसे उसने हमारे कमांडर को तबाह किया।” फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां आतंकी से पूछताछ कर रही हैं।














