पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने एलान किया कि राज्य में 1 जून 2026 से अन्नपूर्णा भंडार योजना लागू की जाएगी। इसके साथ ही केंद्र सरकार की कई योजनाओं को भी बंगाल में शुरू करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
आयुष्मान भारत योजना को मिली मंजूरी
कैबिनेट बैठक में सबसे अहम फैसला आयुष्मान भारत योजना को लागू करने को लेकर हुआ। पिछली सरकार ने अपनी ‘स्वस्थ साथी’ योजना का हवाला देकर इसे लागू नहीं किया था। अब नई सरकार ने केंद्र की स्वास्थ्य बीमा योजना को राज्य में लागू करने का फैसला लिया है ताकि ज्यादा लोगों को इलाज का लाभ मिल सके।
BSF को मिलेगी जमीन
सरकार ने बांग्लादेश सीमा पर सुरक्षा मजबूत करने के लिए बिना बाड़ वाले इलाकों में फेंसिंग का काम तेज करने का भी फैसला लिया है। इसके तहत बीएसएफ को 45 दिनों के भीतर जमीन हस्तांतरित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फैसला भाजपा के चुनावी वादों का हिस्सा था।
कई केंद्रीय योजनाएं भी होंगी लागू
राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, पीएम किसान बीमा योजना, पीएम श्री योजना, विश्वकर्मा योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और उज्ज्वला योजना समेत कई केंद्रीय योजनाओं को लागू करने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है।
पुरानी योजनाएं बंद नहीं होंगी
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने साफ कहा कि पिछली सरकार की कोई भी सामाजिक कल्याण योजना बंद नहीं की जाएगी। हालांकि फर्जी लाभार्थियों और गैर भारतीय नागरिकों को योजनाओं का फायदा नहीं दिया जाएगा।













