लखनऊ में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए भाजपा नेताओं पर निशाना साधा।
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में कहा कि भाजपाइयों को अब सोते-जागते PDA दिखाई देता है। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि PDA का नाम सुनते ही भाजपा के लोग थर-थर कांपने लगे हैं। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है।
सपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि मन और वचन का गहरा संबंध होता है। उनका कहना था कि जिसका मन बुरा होता है, उसका कथन भी वैसा ही होता है। इस टिप्पणी को राजनीतिक हलकों में भाजपा पर सीधा हमला माना जा रहा है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण को लेकर सपा लगातार सक्रिय है। अखिलेश यादव इस मुद्दे को मजबूती से उठा रहे हैं और इसे भाजपा के खिलाफ एक बड़ा राजनीतिक हथियार बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
अखिलेश यादव के इस बयान के बाद सियासी हलचल बढ़ गई है। अब देखना होगा कि भाजपा इस पर किस तरह की प्रतिक्रिया देती है और आने वाले समय में यह मुद्दा किस तरह राजनीतिक रंग लेता है।













