मशहूर सिंगर और रैपर बादशाह एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। कथित तौर पर बादशाह ने अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड, पंजाबी एक्ट्रेस और मॉडल ईशा रिखी से गुपचुप तरीके से शादी कर ली है। यह शादी मंगलवार को एक निजी समारोह में हुई, जब ईशा की मां, पूनम रिखी ने अपनी इंस्टाग्राम अकाउंट पर शादी से जुड़ी कुछ तस्वीरें और वीडियो शेयर किए। इसके बाद सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से फैल गई।
हालांकि, अभी तक बादशाह या ईशा की तरफ से शादी के बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। वायरल हो रही तस्वीरों में देखा जा सकता है कि यह एक सादा और निजी समारोह था, जिसमें केवल परिवार और करीबी लोग ही शामिल हुए थे। बादशाह ने भूरे रंग का कुर्ता और गोल्डन साफा पहना हुआ था, जबकि ईशा पारंपरिक लाल रंग के सलवार-कमीज और ब्राइडल लुक में नजर आ रही थीं। दोनों के गले में वरमाला थी। ईशा की मां, पूनम रिखी ने इन तस्वीरों को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “भगवान आप दोनों को आशीर्वाद दे।”
बादशाह और ईशा रिखी की मुलाकात एक पार्टी में कॉमन फ्रेंड्स के जरिए हुई थी, और दोनों करीब 4 साल से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। ईशा के करियर की बात करें तो उन्होंने 2013 में ‘जट्ट बॉयज पुत्त जट्टां दे’ फिल्म से पंजाबी फिल्मों में कदम रखा था और 2018 में ‘नवाबजादे’ से बॉलीवुड में शुरुआत की थी।
यह बादशाह की दूसरी शादी है। इससे पहले उनकी शादी 2012 में जैस्मिन मसीह से हुई थी, जिनसे उनकी एक बेटी जेसेमी ग्रेस मसीह सिंह है। 2020 में यह कपल अलग हो गया था, और बादशाह ने अपनी बेटी की भलाई के लिए यह निर्णय लिया था क्योंकि वह रिश्ता अब स्वस्थ नहीं रह गया था। फिलहाल उनकी बेटी लंदन में रहती है।















