बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर ने फिल्म धुरंधर: द रिवेंज को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इस फिल्म की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि यह ऐसी फिल्म है जिस पर हर भारतीय को गर्व होगा। साथ ही उन्होंने फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर को “रॉकस्टार” बताया।
अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि उन्होंने यह फिल्म एक भरे हुए थिएटर में देखी, जहां हर उम्र के दर्शक पूरी तरह फिल्म में डूबे हुए नजर आए। उन्होंने कहा कि इतने सालों के अनुभव के बाद भी अगर कोई चीज दिल को छू जाए तो उसकी खुलकर तारीफ करनी चाहिए।
उन्होंने फिल्म की कहानी, निर्देशन, संगीत और तकनीकी पहलुओं की तारीफ करते हुए कहा कि असली कला वही होती है जो सीधे दिल से जुड़ जाए। खेर ने कहा कि यह फिल्म आधुनिक भारत की कहानी को दमदार तरीके से पेश करती है और इसमें किसी तरह की बनावट नहीं है।
फिल्म के कलाकारों की बात करें तो रणवीर सिंह की तारीफ को उन्होंने “आउटस्टैंडिंग” बताया। उन्होंने कहा कि रणवीर की बॉडी लैंग्वेज और इमोशनल एक्टिंग बेहद प्रभावशाली है। इसके अलावा सारा अर्जुन और अर्जुन रामपाल के अभिनय की भी उन्होंने तारीफ की।
आर. माधवन की एक्टिंग को उन्होंने “मैच्योर और शानदार” बताया, जबकि राकेश बेदी को फिल्म का “चेरी ऑन टॉप” कहा। वहीं संजय दत्त के अभिनय को भी उन्होंने बेहतरीन बताया।
अनुपम खेर ने खास तौर पर फिल्म के आखिरी 30 मिनट की तारीफ करते हुए कहा कि एक्शन सी मॉन्ट्रियल इतना दमदार है कि दर्शक हैरान रह जाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म के दौरान दर्शकों ने “जय हिंद” के नारे लगाए, जो इस फिल्म के देशभक्ति भाव को दर्शाता है।
उन्होंने फिल्म को “वर्ल्ड क्लास” बताया कहा कि इसे किसी अंतरराष्ट्रीय मान्यता की जरूरत नहीं है। अंत में उन्होंने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह फिल्म हर भारतीय को गर्व महसूस कराएगी।














