उत्तराखंड के रामनगर में जंगल सफारी के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक जिप्सी के बोनट के अंदर करीब 8 से 10 फीट लंबा पाइथन सांप लिपटा हुआ मिला। घटना उस समय सामने आई जब जिप्सी में सवार पर्यटक जंगल के एक जोन में सफारी का आनंद ले रहे थे। अचानक चालक को इंजन की ओर से हलचल महसूस हुई, जिसके बाद उसने तुरंत वाहन रोक दिया।
चालक ने जब जिप्सी का बोनट खोला तो अंदर इंजन के ऊपर एक बड़ा पाइथन सांप कुंडली मारकर बैठा दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर जिप्सी में बैठे पर्यटक और चालक दोनों हैरान रह गए। जानकारी के अनुसार जिप्सी उस समय पर्यटकों को जंगल के भीतर भ्रमण करा रही थी।
जिप्सी ऑनर संजय छीमवाल ने बताया कि सुबह की पाली में सफारी के दौरान चालक को बोनट की तरफ हलचल महसूस हुई थी। जांच करने पर इंजन के पास एक विशाल पाइथन सांप दिखाई दिया जिसकी लंबाई करीब 8 से 10 फीट बताई जा रही है।
मामले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन कर्मियों ने सावधानीपूर्वक पाइथन को रेस्क्यू किया और सुरक्षित तरीके से वापस जंगल में छोड़ दिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी पर्यटक या चालक को कोई नुकसान नहीं हुआ।
इस घटना के बाद कुछ समय के लिए सफारी क्षेत्र में हलचल का माहौल रहा, लेकिन वन विभाग की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई। अधिकारियों ने बताया कि जंगल क्षेत्र में ऐसे वन्यजीवों का दिखना असामान्य नहीं है, इसलिए सफारी के दौरान पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है।














