चैत्र नवरात्रि के अवसर पर उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद (UPAVP) प्रदेश के कई शहरों में भूखंडों की ई-नीलामी आयोजित करने जा रहा है। परिषद द्वारा जारी सूचना के अनुसार मेरठ, आगरा, बरेली, वाराणसी, गोरखपुर, कानपुर और लखनऊ जोन के अलग-अलग शहरों में विभिन्न श्रेणियों के प्लॉट नीलामी के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस ई-नीलामी में कई प्रकार के भूखंड शामिल किए गए हैं। इनमें आवासीय भवन/भूखंड, ग्रुप हाउसिंग भूखंड, शैक्षणिक भूखंड, नर्सिंग होम या अस्पताल भूखंड, व्यावसायिक और होटल भूखंड, संस्थागत भूखंड तथा प्रीमियम हाउसिंग भूखंड प्रमुख रूप से शामिल हैं। परिषद का उद्देश्य अलग-अलग जरूरतों के अनुसार लोगों और निवेशकों को भूमि उपलब्ध कराना है।
परिषद के अनुसार इस नीलामी में भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन और टोकन धनराशि जमा करने की अंतिम तिथि 24 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 9 मार्च 2026 से शुरू हो चुकी है। इसके बाद मुख्य ई-नीलामी 25 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी।
अगर किसी भूखंड के लिए 25 मार्च को केवल एक ही बोली मिलती है तो उस स्थिति में फिर से ई-नीलामी कराई जाएगी। ऐसे मामलों में नए आवेदनों के लिए रजिस्ट्रेशन और टोकन राशि जमा करने की अवधि 27 मार्च से 15 अप्रैल 2026 तक होगी। इसके बाद 16 अप्रैल 2026 को दोबारा ई-नीलामी आयोजित की जाएगी।
इस नीलामी में कुछ शहरों में खास अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। परिषद के मुताबिक लखनऊ की वृंदावन योजना में लगभग 258 एकड़ से अधिक क्षेत्र में आईटी और एआई इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए भूखंड रियायती दरों पर उपलब्ध हैं। इसके अलावा गाजियाबाद में बड़े ग्रुप हाउसिंग भूखंड भी नीलामी में शामिल किए गए हैं।
वहीं अयोध्या की ग्रीनफील्ड टाउनशिप में होटल, ग्रुप हाउसिंग, संस्थागत और नर्सिंग होम के लिए भी कई भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे निवेशकों और डेवलपर्स को बड़ा अवसर मिल सकता है।
ई-नीलामी में भाग लेने के इच्छुक लोग परिषद के आधिकारिक पोर्टल upavpauction.procure247.com पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके अलावा नीलामी से जुड़ी विस्तृत जानकारी, नियम और शर्तें upavp.in वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। जरूरत पड़ने पर 9574524058 नंबर पर कॉल करके भी जानकारी ली जा सकती है।













