उत्तर प्रदेश के संभल जिले में सनातन सेवक संघ की ओर से विश्व शांति और आतंकवाद के समूल नाश की कामना के साथ विशेष यज्ञ और पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की दीर्घायु और विश्व में शांति स्थापित होने की प्रार्थना भी की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और सभी ने यज्ञ में आहुति देकर शांति और मानवता की रक्षा की कामना की।
गुरुवार को संभल कोतवाली क्षेत्र के तिवारी सराय स्थित मुन्नी माता मंदिर में अपराह्न 3 बजे से शाम 4:30 बजे तक यह यज्ञ कार्यक्रम आयोजित किया गया। सनातन सेवक संघ के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर विश्व में शांति स्थापित करने और आतंकवाद के खात्मे के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। आयोजकों ने कहा कि वर्तमान समय में दुनिया के कई हिस्सों में संघर्ष और हिंसा की घटनाएं बढ़ रही हैं, ऐसे में विश्व शांति के लिए प्रार्थना करना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने कहा कि रूस और इजरायल लंबे समय से भारत के मित्र राष्ट्र रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई घटनाएं सामने आई हैं जो चिंता का विषय हैं। ऐसे हालात में भारत के हितों की रक्षा और विश्व में शांति बनाए रखने की आवश्यकता है।
इस यज्ञ के माध्यम से भारत में शिया समुदाय द्वारा किए जा रहे कुछ विरोध प्रदर्शनों का भी विरोध जताया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि देश में शांति और भाईचारा बनाए रखना जरूरी है और किसी भी प्रकार की हिंसा या उग्र विरोध से बचना चाहिए।













