दिल्ली के समयपुर बादली थाना क्षेत्र के चंदन पार्क इलाके में पत्नी और तीन मासूम बेटियों की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मुंचुन केवट के रूप में हुई है। वह वारदात के बाद से फरार था और पुलिस की 15 विशेष टीमों ने उसकी तलाश में व्यापक अभियान चलाया।
बुधवार रात करीब 8 बजे पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि एक कमरे में महिला और तीन बच्चियों के शव पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि महिला अनीता और उनकी तीनों बेटियों की गला रेतकर हत्या की गई थी।
घटना के बाद से ही मृतका का पति मुंचुन केवट लापता था, जिसके चलते वह मुख्य संदिग्ध बन गया। पड़ोसियों ने ही सबसे पहले शव देखे और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हत्या के पीछे के सटीक कारणों का खुलासा विस्तृत पूछताछ और जांच के बाद ही होगा।
यह हृदयविदारक घटना पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल पैदा कर गई है।












