भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने रविवार को यूनाइटेड स्टेट्स इंडो-पैसिफिक कमांड (INDOPACOM) के कमांडर एडमिरल सैमुअल पापारो का स्वागत किया। इस मौके पर गोर ने भारत और अमेरिका के बीच बढ़ती रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में कदम उठाने का आह्वान किया। गोर ने ट्विटर पर लिखा, “भारत में एडमिरल सैमुअल पापारो का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। अब हमारे दोनों देशों के बीच जरूरी सहयोग को मज़बूत करने का समय है।”
गौरतलब है कि 3 से 4 फरवरी तक नई दिल्ली में DRDO हेडक्वार्टर में भारत और अमेरिका ने डिफेंस साइंस और टेक्नोलॉजी में सहयोग बढ़ाने के लिए 24वीं जॉइंट टेक्निकल ग्रुप प्लेनरी बैठक की। इस बैठक की सह-अध्यक्षता DRDO की डायरेक्टर जनरल डॉ. चंद्रिका कौशिक और अमेरिकी असिस्टेंट सेक्रेटरी माइकल फ्रांसिस डॉड ने की।
बता दें, रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस बैठक में दोनों देशों के रक्षा सहयोग को और मजबूती देने के लिए नई तकनीकों और सामरिक जरूरतों पर चर्चा की गई। साथ ही, बढ़ते वैश्विक सुरक्षा माहौल के तहत सहयोग को और उन्नत करने के लिए विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
भारत और अमेरिका के बीच इस साल की शुरुआत में एक महत्वपूर्ण डिफेंस फ्रेमवर्क एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए थे, जिसमें दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग, सामरिक साझेदारी और संयुक्त परियोजनाओं के लिए एक रोडमैप तय किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और US सेक्रेटरी ऑफ वॉर पीट हेगसेथ ने इसे द्विपक्षीय संबंधों में एक नए अध्याय के रूप में देखा।














