उत्तर-प्रदेश: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2026 के बजट को लेकर एक बार फिर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने इस बजट को “विदाई बजट” करार दिया और कहा कि इससे भाजपा की विदाई तय हो गई है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि इस बजट में कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं, और किसानों, युवाओं और आम जनता के लिए कुछ भी नहीं किया गया।
बता दें, अखिलेश यादव ने सवाल उठाते हुए कहा, “9 साल में गन्ने का रेट कितना बढ़ाया गया है? महंगाई के हिसाब से क्या किसानों की आय में वृद्धि हुई है?” उन्होंने यह भी कहा कि डबल इंजन वाली सरकार ने किसानों की आय दोगुना करने का वादा किया था, लेकिन वह अब तक पूरा नहीं हो सका।
वहीं, उन्होंने भाजपा सरकार पर यह भी आरोप लगाया कि पिछले बजट का 50% भी खर्च नहीं किया गया। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 2 करोड़ टैबलेट और स्मार्टफोन बांटने का वादा किया गया था, लेकिन वह वादा भी अधूरा रहा हैं।
बता दें, सपा प्रमुख ने यूपी की लेदर इंडस्ट्री को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा और कहा, “लेदर इंडस्ट्री को बर्बाद कर दिया गया है।” उन्होंने दिल्ली में मेट्रो के बारे में भी टिप्पणी की और कहा, “दिल्ली वालों ने सबसे ज्यादा मेट्रो का दावा किया, लेकिन जितना हमने स्वीकृत किया था, उससे आगे कुछ भी नहीं बढ़ा पाए।”
अखिलेश यादव ने अंत में भाजपा पर यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने भारत के बाजार को बाहर की कंपनियों को सौंप दिया है। उनका कहना था कि भाजपा सरकार के कारण भारतीय उद्योगों और व्यापारियों का शोषण हो रहा है।
उनके इस बयान से राज्य की राजनीति में एक नया विवाद उत्पन्न हो गया है और आगामी चुनावों में यह मुद्दा और भी गरमाने की संभावना है।















