नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2026 का केंद्रीय बजट पेश होने के बाद उसकी तारीफ करते हुए कहा कि यह बजट ऐतिहासिक है और अपार अवसरों का राजमार्ग है। उन्होंने कहा, “यह बजट हमारे विजन को साकार करता है और इससे विकसित भारत की नींव मजबूत होगी। भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।”
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच होने वाली डील को भी महत्वपूर्ण बताया और कहा कि भारत को इससे सबसे बड़ा फायदा होगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस बजट से भारत की रिफॉर्म एक्सप्रेस को गति मिलेगी और यह भारत को दुनिया का सबसे भरोसेमंद सप्लायर बना देगा।
उन्होंने आगे कहा, “यह बजट लोकल से ग्लोबल बनने की ताकत देगा और हमारे युवाओं को उड़ान के लिए खुला आसमान मिलेगा। इस बजट से आत्मनिर्भर भारत को और भी रफ्तार मिलेगी।”
प्रधानमंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार है और बजट में महंगाई को कम करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट संतुलित विकास की नींव है और यह देश के लिए एक सकारात्मक कदम है।















