अयोध्या- प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या शुक्रवार को मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन चंद्र रामगुलाम के आगमन का गवाह बनी। प्रधानमंत्री अपने 30 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल और पत्नी वीना रामगुलाम के साथ अयोध्या पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और भगवान श्रीराम से दोनों देशों के संबंधों की मजबूती का आशीर्वाद मांगा। भूटान के प्रधानमंत्री के बाद डॉ. रामगुलाम दूसरे विदेशी नेता हैं, जिन्होंने रामलला के दर्शन किए।

मुख्यमंत्री योगी ने किया स्वागत-अभिनंदन
महर्षि वाल्मीकि अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं प्रधानमंत्री का स्वागत किया। रेड कार्पेट, पुष्पवर्षा, तिलक और पारंपरिक कलश-आरती के साथ उनका अभिनंदन किया गया। ढोल-नगाड़ों और शंखनाद की गूंज ने स्वागत समारोह को और अधिक भव्य और आध्यात्मिक बना दिया।

रामलला के दर्शन और मंदिर अवलोकन
एयरपोर्ट से निकलकर प्रधानमंत्री का काफिला भारी सुरक्षा घेरे में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचा। वहां उन्होंने रामलला की आरती उतारी और लंबे समय तक दर्शन किए। उन्होंने मंदिर निर्माण कार्यों का भी अवलोकन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री और उनकी पत्नी ने भगवान राम से आशीर्वाद प्राप्त किया।
विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान
राम मंदिर परिसर में टाटा कंपनी की ओर से मंदिर निर्माण से जुड़ी लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री को मंदिर का मॉडल और वीना रामगुलाम को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

भारत-मॉरीशस संबंधों की मजबूती
मॉरीशस की आबादी का बड़ा हिस्सा भारतीय मूल का है और वहां रामायण और भगवान राम के प्रति गहरी आस्था है। इस दौरे को दोनों देशों के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करने वाला माना जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था
प्रधानमंत्री के आगमन पर अयोध्या में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। एयरपोर्ट से लेकर मंदिर तक पुलिस और सुरक्षा बल तैनात रहे, साथ ही पूरे मार्ग की निगरानी सीसीटीवी के जरिए की गई।