जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ भारत सरकार ने कड़ी कार्रवाई की है। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के आदेश पर पाकिस्तान सरकार का X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया है। अब पाकिस्तान के आधिकारिक अकाउंट को खोलने की कोशिश करने पर वह ब्लॉक दिखाई देगा।
भारत सरकार के द्वारा पाकिस्तान पर दबाव बनाने के लिए कई अन्य कड़े फैसले भी लिए गए हैं। बुधवार को सीसीएस (कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी) की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, जिनमें शामिल हैं:
- सिंधु जल समझौता को रोक दिया गया।
- अटारी बॉर्डर से आवाजाही को बंद कर दिया गया।
- पाकिस्तानियों का वीजा तत्काल प्रभाव से रद्द, और उन्हें 48 घंटे में भारत छोड़ने का आदेश।
- पाकिस्तान में भारतीय दूतावास को बंद किया गया, साथ ही भारत में पाकिस्तानी दूतावास को भी 7 दिन में बंद करने का आदेश दिया गया।
- किसी भी पाकिस्तानी नागरिक को अगले आदेश तक भारतीय वीजा नहीं मिलेगा।
इस बीच, जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है, जिससे स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई है।
पहलगाम आतंकी हमले में 28 लोगों की मौत
इस हमले में अब तक 28 लोग मारे जा चुके हैं, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हैं। यह हमला उस वक्त हुआ जब बैसरन घाटी में बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद थे। मृतकों में यूपी, गुजरात, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटका, तमिलनाडु, और ओडिशा के पर्यटक शामिल हैं। इसके अलावा नेपाल और यूएई के एक-एक पर्यटक तथा दो स्थानीय नागरिक भी इस हमले में मारे गए।