Uttar-Pradesh: आज़मगढ़ जिले से एक अनोखा पारिवारिक विवाद सामने आया है। यहां एक नाबालिग बेटे ने अपने पिता की होने वाली सातवीं शादी को रुकवाने के लिए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामला अहरौला थाना क्षेत्र के पूरा दुबे गोदाम गांव का है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी शनि मौर्य ने अपने पिता अमरजीत मौर्य (55 वर्ष) के खिलाफ थाने में शिकायत दी है। बेटे का आरोप है कि उसके पिता पहले ही कई शादियां कर चुके हैं और अब सातवीं शादी की तैयारी कर रहे हैं। शनि मौर्य ने पुलिस से अपील की है कि इस शादी को रोका जाए क्योंकि इसके पीछे संपत्ति को लेकर विवाद भी जुड़ा हुआ है।
बता दें, बेटे के मुताबिक उसके पिता अब तक छह शादियां कर चुके हैं। उसने बताया कि उसके पिता ने उसकी मां से तीसरी शादी की थी, जबकि उससे पहले भी दो शादियां हो चुकी थीं। बेटे का दावा है कि 2024 में पिता ने छठी शादी की थी, लेकिन कुछ समय बाद पत्नी ने जमीन अपने नाम कराने की मांग शुरू कर दी। जब जमीन नाम नहीं हुई तो उसने जेवर की मांग की और बाद में घर छोड़कर चली गई।
वहीं, अब बेटे का आरोप है कि उसके पिता सातवीं शादी करने की तैयारी कर रहे हैं। उसने बताया कि शादी के लालच में पिता बची हुई जमीन बेचने की कोशिश कर रहे हैं और इसके लिए किसी व्यक्ति से 50 हजार रुपये एडवांस भी ले चुके हैं। बेटे का कहना है कि पिता पहले ही आधे से ज्यादा जमीन गिरवी रख चुके हैं और परिवार कर्ज में डूबा हुआ है।
वहीं, शनि मौर्य ने अपनी शिकायत में बताया कि वह 12वीं का छात्र है और पिता ने उसे कमाने के लिए बाहर भेज दिया था। फिलहाल वह परीक्षा देने के लिए घर आया है। बेटे का कहना है कि पिता के कर्ज को चुकाने के लिए वह मजदूरी कर रहा है और अब वह नहीं चाहता कि पिता जमीन बेचकर फिर शादी करें।
वहीं इस मामले में पिता अमरजीत मौर्य का कहना है कि वह अब तक छह शादियां कर चुके हैं और उनका मानना है कि जीवन यापन के लिए उनके साथ पत्नी का होना जरूरी है। इसलिए दोबारा शादी करना चाहते हैं।
परिवार की बुजुर्ग महिला ने भी अमरजीत मौर्य की कई शादियों की पुष्टि की है। फिलहाल मामला थाने तक पहुंच गया है और पुलिस बेटे की शिकायत के आधार पर जांच कर रही है। साथ ही पुलिस दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश भी कर रही है ताकि विवाद का समाधान निकाला जा सके।












