शाहजहांपुर नगर निगम से एक बेहद हैरान और शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में खलबली मचा दी है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें नगर निगम के पार्षद हाथों में जल लेकर भ्रष्टाचार की कमाई को आपस में ईमानदारी से बांटने की कसम खाते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में पार्षद यह संकल्प लेते दिख रहे हैं कि नगर निगम से जो भी अवैध आमदनी या कमीशन आएगा, उसे सभी पार्षदों में बराबर-बराबर बांटा जाएगा। इतना ही नहीं, कसम खाते वक्त पार्षदों ने साफ कहा कि यदि किसी सदस्य पर कोई प्रशासनिक संकट या आंच आती है, तो सभी पार्षद एकजुट होकर उसके साथ खड़े रहेंगे। कसम तोड़ने वाले को बेहद अमर्यादित और अश्लील परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई है।
इस वीडियो के सामने आने के बाद नगर निगम के सभी 60 पार्षदों की कार्यशैली और नीयत पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जहां एक तरफ जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है, वहीं जनप्रतिनिधि खुलेआम रिश्वतखोरी और बंदरबांट का तंत्र मजबूत कर रहे हैं। इस पूरे घटनाक्रम पर नगर निगम के आला अधिकारियों ने फिलहाल चुप्पी साध रखी है, जिससे लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है।












