नई दिल्ली: भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। एलपीजी से भरा वेसल ‘शिवालिक’ गुजरात के मुंद्रा पोर्ट स्थित एलपीजी टर्मिनल पर पहुंच गया है। यह जहाज कुल 46,000 मीट्रिक टन (MT) लिक्विड LPG लेकर भारत आया है, जिससे देश की गैस आपूर्ति को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

जानकारी के मुताबिक इस वेसल के जरिए लाई गई LPG को दो अलग-अलग स्थानों पर अनलोड किया जाएगा। इसमें से 20,000 मीट्रिक टन LPG मुंद्रा पोर्ट पर उतारी जाएगी, जबकि बाकी 26,000 मीट्रिक टन LPG मैंगलोर में अनलोड की जाएगी। इस तरह दोनों टर्मिनलों पर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
बताया जा रहा है कि यह वेसल IOC (इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड) द्वारा ऑर्डर किए गए लिक्विड LPG को लेकर भारत पहुंचा है। इंडियन ऑयल देश की प्रमुख तेल और गैस कंपनियों में से एक है और घरेलू गैस की आपूर्ति में इसकी अहम भूमिका रहती है।

ऊर्जा विशेषज्ञों के मुताबिक इतनी बड़ी मात्रा में LPG की आपूर्ति देश के कई हिस्सों में घरेलू गैस की उपलब्धता को बेहतर बनाने में मदद करेगी। खासतौर पर ऐसे समय में जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर कई तरह की चुनौतियां सामने आ रही हैं।
गुजरात का मुंद्रा पोर्ट देश के सबसे बड़े और व्यस्त बंदरगाहों में से एक है, जहां से तेल और गैस से जुड़े कई बड़े आयात-निर्यात होते हैं। वहीं मैंगलोर भी एलपीजी वितरण के लिहाज से एक अहम टर्मिनल माना जाता है। ऐसे में ‘शिवालिक’ वेसल के पहुंचने से दोनों क्षेत्रों में गैस सप्लाई को मजबूत आधार मिलेगा।














