उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों की सरगर्मियां अभी से तेज होने लगी हैं। इसी कड़ी में राजधानी लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय पर ‘समाजवादी PDA यात्रा’ लिखा एक भव्य चुनावी रथ पहुंचा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, आगामी विधानसभा चुनाव में इसी रथ के जरिए प्रदेश भर में सपा का प्रचार अभियान चलाया जाएगा।
साल 2022 के चुनावों की तुलना में इस बार रथ का पूरा पोस्टर और संदेश बदल दिया गया है। इस नए रथ पर पीडीए की विचारधारा को केंद्र में रखा गया है। रथ के मुख्य पोस्टर पर स्पष्ट शब्दों में लिखा है— “PDA सामाजिक आंदोलन है” और दूसरी ओर “PDA सामाजिक न्याय का संघर्ष है” का संदेश दिया गया है।
इसके अलावा, रथ के डिजाइन और लुक में भी कई बड़े बदलाव किए गए हैं। रथ की विंडशील्ड पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर समेत कई महापुरुषों की तस्वीरें प्रमुखता से लगाई गई हैं, जो पार्टी के सामाजिक न्याय और समावेशी राजनीति के एजेंडे को दर्शाती हैं। सपा कार्यालय में यह रथ पहुंचते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच उत्सुकता का केंद्र बन गया है, और इसे 2027 के चुनावी समर में बिगुल फूंकने की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।













