इस साल का पहला सूर्यग्रहण 17 फरवरी को होगा, और इसे खास बनाता है ग्रहों का दुर्लभ संयोग। इस बार सूर्यग्रहण के समय सूर्य के साथ चार अन्य ग्रह भी कुंभ राशि में गोचर करेंगे। यह ग्रहों का ऐसा संयोग है जो करीब 36 साल बाद बन रहा है। इस संयोग का असर भी बहुत ही विशिष्ट और दुर्लभ माना जा रहा है।
सूर्यग्रहण का स्थान और समय
यह सूर्यग्रहण कुंभ राशि में धनिष्ठा नक्षत्र के चौथे चरण में लगेगा। ग्रहण के दौरान सूर्य के साथ कुंभ राशि में राहु, बुध, शुक्र और चंद्रमा भी मौजूद होंगे। इससे पहले ऐसा योग 7 मार्च 1989 को बना था, जब कुंभ राशि में ये सभी ग्रह एक साथ थे। इस समय सूर्य और राहु के साथ कुंभ राशि में एक साथ बैठकर ग्रहण योग बना रहे हैं, जो शुभ नहीं माना जाता।
यह सूर्यग्रहण भारतीय समय अनुसार 17 फरवरी को दोपहर 3 बजकर 26 मिनट पर शुरू होगा और शाम 7 बजकर 57 मिनट पर समाप्त होगा। ग्रहण की कुल अवधि 4 घंटे 32 मिनट की रहेगी। ग्रहण से ठीक 12 घंटे पहले, यानी रात 3 बजकर 26 मिनट पर सूतक काल आरंभ हो जाएगा।
सूर्यग्रहण का प्रभाव
यह सूर्यग्रहण मुख्य रूप से दक्षिणी अफ्रीका, मॉरीशस, बोत्सवाना, मोजाम्बिक, जिम्बाब्वे, जाम्बिया, तंजानिया, नामिबीया और अमेरिका के दक्षिणी देशों में दिखाई देगा। हालांकि यह ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा, लेकिन जिन देशों में इसका असर होगा, वहां प्राकृतिक आपदाओं का प्रकोप बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। इसके प्रभाव में भूकंप, बाढ़, सुनामी और विमान दुर्घटनाओं जैसी घटनाओं का संकेत है।
क्या करें और क्या न करें ?
सूर्यग्रहण के दौरान क्या खाना चाहिए और क्या नहीं, इस पर भी ध्यान देना जरूरी है। किसी भी ग्रहण के दौरान पके हुए भोजन, तामसिक भोजन जैसे मांस, मछली, प्याज, लहसुन और हैवी फूड आइटम्स खाने से बचना चाहिए। ऐसा माना जाता है कि ये भोजन ग्रहण की अशुद्ध और नकारात्मक ऊर्जा से प्रभावित हो सकते हैं।
स्वस्थ रहने के लिए ग्रहण के दौरान व्रत रहना सबसे अच्छा माना जाता है। अगर कुछ खाद्य पदार्थों का सेवन करना जरूरी हो, तो उसमें तुलसी पत्र डालकर हल्का और सात्विक भोजन करें और तरल पदार्थों का सेवन करें।
दूसरा सूर्यग्रहण कब होगा ?
साल 2026 का दूसरा सूर्यग्रहण अगस्त महीने में लगेगा। यह सूर्यग्रहण 12 अगस्त को होगा, जो पूर्ण सूर्यग्रहण कहलाएगा। यह सूर्यग्रहण भी भारत में दिखाई नहीं देगा। इसके अलावा, साल 2026 का पहला चंद्रग्रहण 3 मार्च को होगा, जो अगले महीने ही लगेगा।



