Patna : बिहार की सियासत में राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार की सुरक्षा व्यवस्था तथा सरकारी आवास को लेकर घमासान छिड़ गया है। इस संवेदनशील और राजनीतिक मुद्दे पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को विपक्ष पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। सीएम सम्राट चौधरी ने लालू परिवार की सुरक्षा को लेकर राजद द्वारा किए जा रहे दावों को ‘नौटंकी’ करार दिया और स्पष्ट किया कि सरकार ने नियम के मुताबिक जरूरत से ज्यादा सुरक्षा पहले से ही दे रखी है।
‘150 पुलिसकर्मी तैनात, क्या पूरा बल एक ही परिवार की सुरक्षा में लगा दें?’
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सुरक्षा का पूरा डेटा सामने रखते हुए कहा, “लालू यादव और उनके परिवार की सुरक्षा में इस वक्त करीब 150 पुलिसकर्मी तैनात हैं। लालू यादव और राबड़ी देवी दोनों को बुलेटप्रूफ गाड़ियां और सुरक्षा कवर मिला हुआ है। अब क्या बिहार पुलिस का पूरा बल सिर्फ एक ही परिवार की सुरक्षा में लगा दिया जाए? अगर ऐसा होगा तो राज्य के आम लोगों और खासकर अतिपिछड़े समाज की सुरक्षा कौन करेगा?” उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा को लेकर बेवजह का राजनीतिक माहौल और ड्रामा खड़ा किया जा रहा है।
पूरे परिवार को एक-एक बंगला चाहिए? जमीनों का निकलेगा रिकॉर्ड
सरकारी आवास के मुद्दे पर घेरते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है जैसे लालू परिवार के हर सदस्य को एक-एक बंगला चाहिए। सम्राट चौधरी ने दावा किया कि राजा बाजार, कौटिल्य नगर, महुआ बाग, गोपालगंज और दिल्ली समेत कई जगहों पर लालू परिवार के पास अपनी अकूत संपत्तियां और मकान हैं, फिर भी सरकारी आवास को लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है।
इसके साथ ही सीएम ने एक बड़ा सियासी एलान करते हुए कहा, “मैं 1990 से लेकर अब तक का पूरा रिकॉर्ड निकाल रहा हूं। अतिपिछड़ों और गरीबों की जमीन पर जिन लोगों ने भी कब्जा किया है, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जांच के बाद ऐसे सभी तत्वों पर सख्त कार्रवाई होगी।” सम्राट चौधरी के इस कड़े रुख के बाद बिहार की राजनीति में आने वाले दिनों में और अधिक उबाल आना तय माना जा रहा है।



