प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल पूरा होने के ऐतिहासिक अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार और प्रदेश संगठन मिलकर एक महीने तक चलने वाले भव्य ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन करने जा रहे हैं। यह विशेष अभियान आगामी 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे राज्य में चलाया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों, नीतिगत सुधारों और देश-प्रदेश में आए सकारात्मक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाना तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है।
बता दें, इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और मंत्रियों को निर्देश दिए कि यह अभियान व्यापक जनभागीदारी के साथ चलाया जाए। इसमें सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास की उपलब्धियों को वास्तविक लाभार्थियों की कहानियों के माध्यम से सामने लाया जाए। इस अभियान के तहत राज्य के करीब 4.19 करोड़ परिवारों और 15.74 करोड़ लाभार्थियों को जोड़ने का बड़ा लक्ष्य रखा गया है, जिसमें 3.51 करोड़ ग्रामीण और 68 लाख शहरी परिवार शामिल हैं।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस : आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ होगी। इस दिन विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर सभी विधानसभाओं में शिल्पकारों को टूलकिट वितरित किए जाएंगे और शाम को प्रमुख विकास परियोजनाओं तथा लाभार्थी परिवारों के घरों पर दीप जलाए जाएंगे। एक महीने तक चलने वाले इस मेगा अभियान के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक और रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा’ नुक्कड़ नाटक, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’, डिजिटल रील अभियान के तहत ‘सेवा की कहानी’, और डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स के लिए ‘इन्फ्लुएंसर्स कनेक्ट’ जैसी अनूठी पहल शामिल हैं।
इसके अलावा, 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ और वाराणसी से वडनगर तक ‘जल, जन और सेवा संकल्प’ यात्रा निकाली जाएगी। नागरिकों को रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जांच और स्वच्छता जैसी 25 सेवा गतिविधियों से जोड़ने के लिए ‘सेवा मेरा योगदान’ और हर विकासखंड में ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे। 17 अक्टूबर को सुशासन सेवा संवाद के साथ इस विशाल अभियान का समापन होगा। इस आयोजन के जरिए सरकार विकास कार्यों और जन-कल्याणकारी योजनाओं को सीधे धरातल पर मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।













