PM Modi on Assam tour. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 और 14 मार्च को दो दिवसीय दौरे पर असम जाएंगे। इस दौरान वे कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और चाय बागान समुदाय के लोगों को भूमि अधिकार प्रमाणपत्र (लैंड पट्टा) वितरित करेंगे। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने गुवाहाटी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के मुताबिक प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान गुवाहाटी से लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके अलावा वे कोकराझार, गुवाहाटी और सिलचर में जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे।
सीएम सरमा ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी सबसे पहले कोकराझार पहुंचेंगे, जहां से कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। इसके बाद वे 13 मार्च को गुवाहाटी पहुंचेंगे, जहां से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की एक किस्त जारी करेंगे।
इस दौरे की सबसे महत्वपूर्ण घोषणा चाय बागान समुदाय को भूमि अधिकार देने से जुड़ी है। मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि असम में चाय बागान से जुड़े समुदाय के लोग करीब 200 वर्षों से रह रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक भूमि का कानूनी अधिकार नहीं मिला था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस योजना के तहत एक पात्र चाय बागान श्रमिक को पहला भूमि अधिकार प्रमाणपत्र प्रदान करेंगे। इसके बाद पूरे राज्य में चाय बागान समुदाय को भूमि स्वामित्व देने का कार्यक्रम शुरू किया जाएगा।
अपने दौरे के दूसरे दिन यानी 14 मार्च को प्रधानमंत्री सिलचर पहुंचेंगे, जहां सुबह 11 बजे वे सिलचर-शिलांग-गुवाहाटी एक्सप्रेस हाईवे का शिलान्यास करेंगे। इस हाईवे परियोजना की लागत करीब 22 हजार करोड़ रुपये बताई गई है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 150 मेगावाट क्षमता वाली कोपिली हाइड्रो पावर परियोजना को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह असम सरकार की परियोजना है जिसे हाल ही में पूरा किया गया है।
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री असम के तीन अलग-अलग क्षेत्रों में सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। इन कार्यक्रमों के बाद वे कोलकाता के लिए रवाना हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने यह भी बताया कि 15 मार्च को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी असम दौरे पर आएंगे। वे सुबह करीब 10 बजे प्राग्ज्योतिषपुर मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करेंगे और इसके बाद गुवाहाटी में आयोजित होने वाले भाजपा के ‘युवा संकल्प समावेश’ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
असम भाजपा के मुताबिक गुवाहाटी के खानापारा स्थित वेटरनरी कॉलेज मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में करीब एक लाख युवा कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा 2026 के असम विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है।














