यूरोप में KitKat चॉकलेट बार की बड़ी खेप चोरी हो गई है। Nestle ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर बयान जारी कर पुष्टि की कि 12 टन से अधिक चॉकलेट बार चोरी हो गए हैं। कंपनी ने कहा कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है और सप्लाई प्रभावित नहीं हुई है।
बयान में कहा गया, “हम पुष्टि कर सकते हैं कि 12T KitKat उत्पादों की चोरी हुई, जो हमारी सेंट्रल इटली की फैक्ट्री से पोलैंड की ओर जा रही थी। हम स्थानीय अधिकारियों और सप्लाई चेन पार्टनर्स के साथ मिलकर जांच कर रहे हैं। अच्छी खबर: उपभोक्ताओं की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है और सप्लाई प्रभावित नहीं हुई है। धन्यवाद।”
Nestle ने बताया कि यह खेप पिछले सप्ताह उनके उत्पादन केंद्र से रवाना हुई थी और यूरोप में वितरित की जाने वाली थी। कंपनी के एक प्रवक्ता ने चोरी करने वालों की “असाधारण स्वाद क्षमता” की चुटकी लेते हुए कहा कि यह तरह की घटनाएं उद्योग में आम होती जा रही हैं।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने मज़ाकिया मीम्स बनाकर प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने लिखा, “ये वही होता है जब ट्रांज़िट वाले ‘ब्रेक’ लेते हैं”। वहीं, एक और X (पूर्व ट्विटर) यूजर ने लिखा, “हमने हर तरह की चोरी देखी है… लेकिन यह इंटरनेट को सच में हिला देता है।”
यह चोरी ईस्टर से कुछ दिन पहले हुई, जब लोग बच्चों के लिए चॉकलेट हंट जैसी परंपरा में चॉकलेट अंडे और बनी खोजने का आनंद लेते हैं।














