Rules Changed From 1st March: 1 मार्च 2026 से रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई अहम बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जिनका असर सीधे आपकी जेब पर पड़ेगा। रसोई गैस से लेकर रेलवे टिकट, मोबाइल सिम, बैंकिंग और डिजिटल पेमेंट तक कई नियम बदलने वाले हैं।
सबसे पहले बात एलपीजी सिलेंडर की करें तो हर महीने की तरह 1 मार्च को नए रेट जारी होंगे। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों के आधार पर घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ या घट सकते हैं। यदि कीमतें बढ़ती हैं तो मिडिल क्लास परिवारों के मासिक बजट पर असर पड़ सकता है।
रेलवे यात्रियों के लिए भी बड़ा बदलाव है। 1 मार्च से अनारक्षित और जनरल टिकट बुकिंग के लिए पुराना सिस्टम बंद कर दिया जाएगा। अब यूटीएस ऐप की जगह नया ‘रेलवन’ ऐप पूरी तरह लागू होगा। प्लेटफॉर्म टिकट भी इसी ऐप से लेना अनिवार्य होगा। नियमित यात्रा करने वालों को पहले से नया ऐप डाउनलोड कर रजिस्ट्रेशन कर लेना चाहिए।
डिजिटल फ्रॉड रोकने के लिए दूरसंचार विभाग सिम बाइंडिंग को अनिवार्य कर रहा है। 1 मार्च से मैसेजिंग ऐप्स को वैध मोबाइल नंबर से लिंक करना जरूरी होगा। मल्टी-डिवाइस लॉगिन पर अतिरिक्त वेरिफिकेशन लागू हो सकता है।
बैंकिंग सेक्टर में भी बदलाव संभव हैं। कई बैंक न्यूनतम बैलेंस नियमों में संशोधन कर सकते हैं। यूपीआई ट्रांजैक्शन में अतिरिक्त सुरक्षा परत जोड़ी जा सकती है।
इसके अलावा सीएनजी और पीएनजी की नई कीमतें भी 1 मार्च को लागू हो सकती हैं, जिससे परिवहन और रसोई खर्च प्रभावित होगा।














