अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर से ईरान को धमकी दी है, यह कहते हुए कि अगर उसने होर्मुज स्ट्रेट को नहीं खोला, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए ईरान को गुस्से में चेतावनी दी कि “पागलों, होर्मुज स्ट्रेट को खोल दो, नहीं तो नरक में जाओगे।”
ईरान को 10 दिन का अल्टीमेटम
राष्ट्रपति ट्रंप ने 4 अप्रैल की रात को ईरान को याद दिलाया कि उन्होंने उसे होर्मुज स्ट्रेट को खोलने के लिए 10 दिन का समय दिया था, जो अब समाप्त होने वाला है। ट्रंप ने कहा, “समय तेजी से खत्म हो रहा है। 48 घंटे के अंदर अमेरिका ईरान पर कहर बनकर टूट पड़ेगा।” यह अल्टीमेटम 6 अप्रैल को समाप्त हो रहा है।
ट्रंप की धमकी: ‘अगर वे नहीं मानेंगे, तो पावर प्लांट तबाह कर दूंगा’
राष्ट्रपति ट्रंप ने पहले यह कहा था कि ईरान ने अपने पावर प्लांट पर हमला न करने के लिए 7 दिन का समय मांगा था, जिसे उन्होंने बढ़ाकर 10 दिन करने का फैसला किया। ट्रंप ने कहा, “अगर वे मेरी बात नहीं मानेंगे, तो मैं उनके पावर प्लांट को पूरी तरह से तबाह कर दूंगा।”
नाटो और चीन को ट्रंप की अपील
ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट को खोलने के लिए नाटो और चीन से भी मदद की अपील की थी, लेकिन जब सभी देशों ने सहयोग करने से इनकार कर दिया, तो ट्रंप ने नाटो को ‘कागजी शेर’ बताते हुए कहा कि अमेरिका के बिना नाटो कुछ भी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका को इस जलमार्ग से तेल की जरूरत नहीं है और जो देश इस पर निर्भर हैं, उन्हें इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को किया बंद
ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट पर नाकेबंदी कर दी है और उसने घोषणा की है कि अब इस जलमार्ग से केवल ईरान के मित्र देशों के जहाज ही गुजरेंगे। अमेरिका, इज़राइल और उनके मित्र देशों के लिए यह जलमार्ग पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। इस कदम से एशिया और यूरोप में हंगामा मच गया है और पाकिस्तान, नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसे देशों में तेल का संकट उत्पन्न हो गया है।



