भारत के विदेश मंत्रालय ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य से भारतीय जहाजों को गुजरने की अनुमति दिए जाने से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि इस विषय पर फिलहाल कुछ भी कहना जल्दबाज़ी होगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान यह बयान दिया।

रणधीर जायसवाल ने बताया कि विदेश मंत्री एस जयशंकर और ईरान के विदेश मंत्री के बीच हाल के दिनों में कई दौर की बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच हाल ही में तीन बार बातचीत हुई, जिसमें शिपिंग की सुरक्षा और भारत की ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इन बातचीतों के आधार पर अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाज़ी होगी।

दरअसल हाल ही में कुछ भारतीय मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि ईरान ने दो भारतीय तेल टैंकरों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ से गुजरने की अनुमति दे दी है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा कि अभी इस तरह की रिपोर्ट्स पर कोई आधिकारिक टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

खामेनेई को लेकर उठे सवालों पर भी दी सफाई

प्रेस ब्रीफिंग के दौरान रणधीर जायसवाल ने ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद भारत की ओर से शोक जताने में देरी को लेकर उठ रहे सवालों पर भी सफाई दी। उन्होंने कहा कि जिस दिन शोक पुस्तिका पहली बार खोली गई थी, उसी दिन यानी 5 मार्च को विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने भारत सरकार की ओर से ईरान दूतावास जाकर शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए थे।

जायसवाल ने कहा कि कुछ टिप्पणीकारों को महत्वपूर्ण मामलों पर सार्वजनिक रूप से बोलने से पहले तथ्यों को अपडेट कर लेना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि गलत जानकारी के आधार पर की गई टिप्पणियों से बचना चाहिए।

ईरान में स्कूल पर हमले में बच्चों की मौत पर जताया दुख

ईरान में एक स्कूल पर हुए हमले में बच्चों की मौत पर विदेश मंत्रालय ने गहरा दुख जताया है। रणधीर जायसवाल ने कहा कि जारी संघर्ष को लेकर भारत पहले भी कई बार बयान जारी कर चुका है और सभी नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर देता रहा है। उन्होंने कहा कि निर्दोष लोगों की मौत बेहद दुखद है और भारत इस पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है।

"कांशीराम जी को मिले भारत रत्न..", लखनऊ में मंच से गरजे Rahul Gandhi

शेयर करना
Exit mobile version