हॉलीवुड की मशहूर फिल्म कंपनी सोनी पिक्चर्स टेलीविजन और डायरेक्टर एडम मैके ने मिलकर एक नई लिमिटेड सीरीज बनाने की घोषणा की है, जो जेफरी एपस्टीन केस की जांच पर आधारित होगी। यह सीरीज मियामी हेराल्ड की इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्टर जूली के. ब्राउन की किताब Perversion of Justice: The Jeffrey Epstein Story पर आधारित होगी।
सीरीज में लॉरा डर्न मुख्य भूमिका में होंगी और वह जूली ब्राउन का किरदार निभाएंगी। शो की कहानी ब्राउन की दशकों लंबी जांच पर आधारित होगी, जिसमें उन्होंने एपस्टीन के खिलाफ 80 पीड़ितों की पहचान की, कई प्रमुख सर्वाइवर्स को रिकॉर्ड पर बोलने के लिए तैयार किया और अंततः एपस्टीन और घिसलीन मैक्सवेल की गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाई।
इस प्रोजेक्ट की लेखिका शेरोन हॉफमैन होंगी, जिन्होंने Mrs. America और Pieces of Her में काम किया है। वह शो की को-शोरनर भी होंगी, साथ में एलीन मायर्स जो The Night Agent जैसी हिट सीरीज के लिए जानी जाती हैं, वह भी शो रनिंग में शामिल होंगी।
सोनी पिक्चर्स टेलीविजन ने इस लिमिटेड सीरीज को “एक विस्फोटक कहानी” बताई है, जो एपस्टीन और उसके खिलाफ फेडरल प्रॉसिक्यूटर्स के बीच हुए गुप्त सौदे को उजागर करती है। ब्राउन की रिपोर्टिंग के बाद एलेक्जेंडर एकोस्टा को नौकरी से इस्तीफा देना पड़ा, क्योंकि उन्होंने 2007 में एपस्टीन के पहले केस में गैर-प्रोसिक्यूटेशन एग्रीमेंट को मंजूरी दी थी।
ब्राउन की 2018 की रिपोर्टिंग के बाद एपस्टीन के खिलाफ नई सेक्स ट्रैफिकिंग की धाराओं में चार्जेस दर्ज किए गए थे, जबकि पहले एपस्टीन केवल राज्य स्तर पर प्रॉस्टिट्यूशन और अंडरएज मामले में दोषी ठहराया गया था।
यह सीरीज न केवल हॉलीवुड में बल्कि दुनिया भर में उस जांच और न्याय की कहानी को दिखाएगी, जिसने एक बड़े और शक्तिशाली व्यक्ति के खिलाफ सच्चाई सामने लाने में मदद की।



