उत्तराखंड के हरिद्वार में एक दर्दनाक हादसे में गंगा में डूबे युवक का शव 10 दिन बाद बरामद किया गया है। घटना के बाद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था, लेकिन अब जाकर शव मिलने से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक 27 वर्षीय उत्सव जोहरी 14 मार्च की रात अपने दोस्तों के साथ हरिद्वार घूमने आया था। वह हर की पैड़ी के पास सुभाष घाट पर गंगा में स्नान कर रहा था, तभी अचानक उसका पैर रेलिंग से फिसल गया और वह तेज धारा में बह गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन गंगा का तेज बहाव होने के कारण वह देखते ही देखते लापता हो गया।
जल पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने लगातार युवक की तलाश की, लेकिन कई दिनों तक उसका कोई सुराग नहीं मिला।
आखिरकार 10 दिन बाद जल पुलिस ने बहादराबाद स्थित पथरी पावर हाउस के पास गंग नहर से युवक का शव बरामद किया।
शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन गमगीन हैं और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।














