हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान उस वक्त दिलचस्प स्थिति बन गई, जब इस्तेमाल किए जा रहे एक पुराने लैपटॉप की स्क्रीन पर पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीर दिखाई दी। लैपटॉप पर अखिलेश यादव की तस्वीर सामने आने के बाद मौके पर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गईं।
जानकारी के मुताबिक, हरदोई में स्वगणना से जुड़े कार्यक्रम के दौरान लैपटॉप का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान बीजेपी जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन के सामने लैपटॉप खोला गया। स्क्रीन पर अखिलेश यादव की तस्वीर दिखाई देते ही लैपटॉप को बंद करा दिया गया।
इस घटना के बाद लैपटॉप की तस्वीर सामने आई तो राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गईं। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने भी इस तस्वीर को लेकर प्रतिक्रिया दी। सपा नेताओं ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘अखिलेश यादव का काम बोलता है।’
सरकारी कार्यक्रम में इस्तेमाल हो रहे पुराने लैपटॉप पर पूर्व मुख्यमंत्री की तस्वीर मिलने के बाद अब इस मामले को लेकर राजनीतिक चर्चाएं हो रही हैं।












