मिडिल ईस्ट में जारी इजरायल-ईरान तनाव के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि इजरायल इस सैन्य अभियान में बढ़त बनाए हुए है और ईरान की सैन्य ताकत तेजी से कमजोर हो रही है।
नेतन्याहू ने कहा, “हम जीत रहे हैं और ईरान तबाह हो रहा है। उनके मिसाइल और ड्रोन सिस्टम को बड़े स्तर पर नष्ट किया जा रहा है।” उन्होंने बताया कि इजरायली सेना ने अब तक सैकड़ों मिसाइल लॉन्चर्स को तबाह किया है और ईरान के मिसाइल भंडार के साथ-साथ उत्पादन ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचाया है।
उन्होंने आगे कहा कि अब इजरायल सिर्फ हथियारों को ही नहीं बल्कि उन फैक्ट्रियों को भी निशाना बना रहा है, जहां मिसाइल और कथित परमाणु हथियारों के लिए जरूरी उपकरण बनाए जाते हैं। नेतन्याहू के मुताबिक, “हम उनके इंडस्ट्रियल बेस को खत्म कर रहे हैं, जो पहले कभी नहीं किया गया।”
इजरायली प्रधानमंत्री ने यह भी दावा किया कि ईरान की एयर डिफेंस प्रणाली लगभग निष्क्रिय हो चुकी है, नौसेना को भारी नुकसान हुआ है और वायुसेना भी लगभग खत्म हो गई है। उन्होंने कहा कि “ईरान की कमांड और कंट्रोल व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित हो चुकी है।”
नेतन्याहू ने वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ाने वाले बयान में यह भी आरोप लगाया कि ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जैसे अहम समुद्री मार्ग को बाधित कर दुनिया को “ब्लैकमेल” करने की कोशिश कर रहा है। हालांकि उन्होंने कहा कि इजरायल और अमेरिका मिलकर इस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए काम कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि “ऑपरेशन राइजिंग लायन” के तहत इजरायल अमेरिका के साथ मिलकर ईरान के खतरे को खत्म करने के लिए अभूतपूर्व ताकत के साथ कार्रवाई कर रहा है।
गौरतलब है कि इजरायल और ईरान के बीच बढ़ता यह संघर्ष अब क्षेत्रीय युद्ध का रूप ले सकता है, जिससे पूरी दुनिया में चिंता बढ़ गई है।













