लखनऊ। सुपरस्टार शाहरुख खान वर्ष 2023 के बाद से बड़े पर्दे से दूर हैं और उनके प्रशंसकों को उनकी अगली फिल्म ‘किंग’ का बेसब्री से इंतजार है। इस बीच फिल्म को लेकर एक बड़ी और रोमांचक खबर सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, मेकर्स फिल्म के आखिरी शेड्यूल के लिए एक ऐसे सीक्वेंस की तैयारी कर रहे हैं, जैसा 100 साल के सिनेमा इतिहास में पहले कभी नहीं देखा गया।
कहां और कैसे होगी शूटिंग?
जानकारी के मुताबिक, फिल्म का बचा हुआ हिस्सा अब विदेश में फिल्माया जाएगा और इसके लिए टीम दक्षिण अमेरिका के कुछ देशों का दौरा कर अंतिम लोकेशन तय करेगी। अगले महीने पूरी यूनिट वहां जाकर शूटिंग पूरी करेगी। दरअसल, शाहरुख खान और निर्देशक सिद्धार्थ आनंद इस सीक्वेंस के लिए ऐसी अनोखी लोकेशन चाहते थे, जिसे पहले कभी बड़े पर्दे पर न देखा गया हो। मेकर्स की सोच के मुताबिक, सिनेमा के सौ साल के इतिहास में इस तरह के सीक्वेंस की तैयारी कभी नहीं की गई होगी।
गुरु-शिष्य की कहानी का अहम हिस्सा
फिल्म का यह अंतिम शेड्यूल गुरु-शिष्य की कहानी पर आधारित फिल्म के सबसे महत्वपूर्ण सीक्वेंस में से एक है। ‘किंग’ से पहली बार शाहरुख खान और उनकी बेटी सुहाना खान बड़े पर्दे पर साथ नजर आएंगी। उधर, मातृत्व अवकाश पर जाने से पहले दीपिका पादुकोण भी अपनी दोनों फिल्मों की शूटिंग पूरी करने में जुटी हैं, जिनमें अल्लू अर्जुन के साथ ‘राका’ के एक्शन सीन और अब ‘किंग’ का आखिरी शेड्यूल शामिल है। मेकर्स पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि ‘किंग’ इस साल क्रिसमस के मौके पर 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।















