मनोरंजन डेस्क : एक्टर मनोज बाजपेयी स्टारर फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ के प्रोड्यूसर और डायरेक्टर नीरज पांडे ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद फिल्म का टाइटल, ट्रेलर और अन्य प्रमोशनल मटीरियल को वापस ले लिया है। पांडे ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में एक एफिडेविट फाइल करते हुए कहा कि फिल्म का नया टाइटल अभी तय नहीं किया गया है, लेकिन यह पहले वाले टाइटल से अलग होगा और फिल्म की कहानी को सही तरीके से दर्शाएगा।
पांडे ने अपने एफिडेविट में यह भी कहा कि “घूसखोर पंडित” टाइटल को पूरी तरह से वापस ले लिया गया है और इसे भविष्य में किसी भी रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह वादा भी किया कि नया टाइटल किसी भी तरीके से पहले वाले टाइटल जैसा या उससे मिलता-जुलता नहीं होगा, और फिल्म की कहानी और उद्देश्य को बिना किसी गलत अर्थ के सही तरीके से पेश किया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले को शांत करने की उम्मीद जताते हुए इसे खत्म कर दिया। कोर्ट ने फिल्ममेकर्स से यह भी कहा कि वे फिल्म के कंटेंट और टाइटल को बदलें, ताकि किसी भी समुदाय का अपमान न हो। इसके साथ ही, यूट्यूबर्स से भी इस विवाद को शांत करने की अपील की गई।
इससे पहले, सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ के टाइटल को एक खास समुदाय के लिए अपमानजनक माना था और फिल्ममेकर्स को निर्देश दिया था कि वे फिल्म से इस तरह का कंटेंट हटाएं जो किसी भी समुदाय के लिए आपत्तिजनक हो। जस्टिस बी. वी. नागरत्ना और जस्टिस उज्जल भुयान की बेंच ने इस मुद्दे पर कड़ी टिप्पणी की थी और कहा था कि आर्टिकल 19(1)(a) (बोलने और अभिव्यक्ति का मौलिक अधिकार) के तहत कुछ पाबंदियां होनी चाहिए।
मनोज बाजपेयी की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म को नीरज पांडे ने डायरेक्ट किया है। फिल्म की घोषणा 2026 में नेटफ्लिक्स इंडिया स्लेट लॉन्च के दौरान की गई थी।



