बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान अक्सर सोशल मीडिया से दूर रहते हैं, लेकिन मंगलवार को उन्होंने अभिनेता राजपाल यादव का सपोर्ट करते हुए ऐसा पोस्ट किया है, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। सलमान ने X (पूर्व में ट्विटर) पर राजपाल यादव की फोटो शेयर की, जो हाल ही में हुए एक इवेंट की है।
इस इवेंट में मंच पर होस्ट ने राजपाल यादव के चेक बाउंस केस पर हंसी-मजाक में टिप्पणी की थी। हालांकि मामला हल्का-फुल्का था, लेकिन राजपाल के चेहरे पर मायूसी नजर आई। इस बीच, सलमान खान ने सीधे शब्दों में राजपाल की तारीफ की और लिखा, “आप 30 साल से काम कर रहे हो… डॉलर ऊपर हो या नीचे क्या फर्क पड़ता है, देना तो इंडिया में ही है।”
सलमान के इस पोस्ट पर यूजर्स ने जमकर प्रतिक्रिया दी और उनकी इस ईमानदार तारीफ की सराहना की। जानकारी के अनुसार, जब राजपाल यादव हाल ही में चेक बाउंस केस में तिहाड़ जेल गए थे, तब सलमान ने आधिकारिक तौर पर उनकी मदद की थी। हालांकि, सलमान ने स्वयं कभी इस बात का जिक्र नहीं किया।
सलमान ने पोस्ट में आगे लिखा, “राजपाल भाई, आप 30 साल से काम कर रहे हो और हम सबने आपको बार-बार रिपीट किया है, क्योंकि आप अपना काम जानते हो और एक वैल्यू लाते हो। काम तो आपको बहुत मिलेगा और इसी डॉलर रेट पर मिलेगा। हकीकत यही है।”
सलमान खान ने यह भी कहा, “कभी-कभी फ्लो में कुछ निकल आता है, देना ही है तो दिमाग में रखो, दिल से काम करो, डॉलर ऊपर हो या नीचे क्या फर्क पड़ता है, देना तो इंडिया में ही है।”
दरअसल, यह घटना 5 अप्रैल को मुंबई में हुए स्क्रीन अवॉर्ड्स के दौरान हुई थी। राजपाल यादव हाल ही में अपने चेक बाउंस केस के कारण तिहाड़ जेल में कुछ दिन रहे थे। इस इवेंट में मंच पर चर्चा के दौरान राजपाल ने कहा, “दुनिया में बहुत कुछ हो रहा है, इतनी सारी लड़ाइयां चल रही हैं। मैं रुपये-डॉलर के उतार-चढ़ाव को कैसे समझूं? मुझे समझ नहीं आ रहा कि क्या हो रहा है।”
इस पर होस्ट सौरभ द्विवेदी ने मजाकिया अंदाज में कहा, “राजपाल भाई, डॉलर-रुपया कितना भी ऊपर नीचे हो, आपको उतने ही पैसे लौटाने पड़ेंगे जितने उधार हैं।” इस बात पर सभी की हंसी छूट गई और राजपाल ने भी मुस्कुराते हुए कहा, “मसला तो सुन लो एक बार। मैं तो मसला ही सुनाना चाहता हूं।” यह वीडियो सोशल मीडिया पर अब तेजी से वायरल हो रहा है।














