मुंबई: बॉलीवुड के मशहूर सिंगर अरमान मलिक ने अभिनेत्री और डांसर नोरा फतेही के नए गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। हाल ही में रिलीज़ हुए इस डांस नंबर के लिरिक्स पर सवाल उठाते हुए अरमान मलिक ने इसे कमर्शियल म्यूज़िक में “एक नया निचला स्तर” बताया है।
यह गाना फिल्म ‘KD: The Devil’ का हिस्सा है, जिसमें नोरा फतेही के साथ अभिनेता संजय दत्त भी नजर आ रहे हैं। गाने के रिलीज़ होने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी काफी चर्चा हो रही है, लेकिन कई लोग इसके लिरिक्स को लेकर आलोचना भी कर रहे हैं।
बता दें, गाने का वीडियो सामने आने के बाद अरमान मलिक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि यह गाना उनकी टाइमलाइन पर आया और उन्हें इसे दोबारा सुनना पड़ा ताकि यह पक्का हो सके कि उन्होंने सही सुना है। उन्होंने आगे लिखा कि कमर्शियल सॉन्गराइटिंग को इस तरह के स्तर पर देखना काफी दुखद है।
अरमान मलिक की टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई। कई यूज़र्स ने गाने के लिरिक्स को “सस्ते और वल्गर” बताते हुए आलोचना की। कुछ लोगों का कहना है कि मेनस्ट्रीम म्यूज़िक में इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल अब आम होता जा रहा है, जो म्यूज़िक की गुणवत्ता को प्रभावित कर रहा है।
एक यूज़र ने लिखा कि बॉलीवुड म्यूज़िक में कभी कविता, भावनाएं और गहराई हुआ करती थी, लेकिन अब शॉक वैल्यू के लिए गाने बनाए जा रहे हैं। वहीं एक अन्य यूज़र ने भी गाने के लिरिक्स पर नाराजगी जताते हुए इसे बेहद निम्न स्तर का बताया।
फिल्म ‘KD: The Devil’ 1970 के दशक के बैंगलोर की सच्ची घटनाओं से प्रेरित एक पीरियड एक्शन एंटरटेनर है। इस फिल्म को KVN प्रोडक्शंस द्वारा प्रस्तुत किया गया है। फिल्म का निर्देशन प्रेम ने किया है और इसे सुप्रिथ ने प्रोड्यूस किया है।
इस मल्टीस्टारर फिल्म मेंध्रुव सरजा, संजय दत्त, शिल्पा शेट्टी कुंद्रा, नोरा फतेही, रमेश अरविंद, रेशमा नानैया और वी रविचंद्रन जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 30 अप्रैल 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है।



