साउथ सिनेमा की खूबसूरत और दमदार अभिनेत्रियां न सिर्फ अपनी बेहतरीन अदाकारी बल्कि अपनी रीयल-लाइफ बॉन्डिंग के लिए भी जानी जाती हैं। इसका ताजा और खूबसूरत उदाहरण एक बार फिर देखने को मिला है। समांथा रुथ प्रभु ने अपनी नई एक्शन-कॉमेडी फिल्म ‘मां इंति बंगारम’ से बड़े पर्दे पर शानदार वापसी की है। फिल्म अपनी जबरदस्त कहानी के दम पर दर्शकों की पहली पसंद बनी हुई है। फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर मिली शानदार सफलता और बंपर ओपनिंग के बाद समांथा की सबसे पक्की दोस्त और साउथ की ‘लेडी सुपरस्टार’ नयनतारा की खुशी का ठिकाना नहीं है।
नयनतारा ने अपनी बेस्ट फ्रेंड समांथा की इस कामयाबी को बेहद खास अंदाज में सेलिब्रेट किया है। उन्होंने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल की स्टोरी पर फिल्म ‘मां इंति बंगारम’ का एक शानदार पोस्टर शेयर किया। इसके साथ उन्होंने समांथा को टैग करते हुए लिखा, “तुम्हारे लिए बहुत खुश हूं, सैम। तुम ये सारा प्यार और सफलता पाने की पूरी हकदार हो, साथ ही MIB की पूरी टीम को मेरी तरफ से बहुत-बहुत बधाई।”
समांथा ने कहा- ‘थैंक यू डार्लिंग नयन’
नयनतारा के इस प्यार भरे सपोर्ट और पोस्ट को समांथा रुथ प्रभु ने भी तुरंत अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर री-शेयर किया। समांथा ने अपनी सहेली के प्रति आभार जताते हुए लिखा, “थैंक यू डार्लिंग नयन।” सोशल मीडिया पर दोनों सुपरस्टार्स का यह तालमेल और एक-दूसरे के प्रति सम्मान फैंस को बेहद पसंद आ रहा है। यह पहली बार नहीं है जब दोनों ने खुलकर एक-दूसरे को सपोर्ट किया है, इससे पहले भी कई मौकों पर दोनों की गहरी दोस्ती जगजाहिर हो चुकी है।
कमाई के मामले में छाई ‘मां इंति बंगारम’
बीते शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई तेलुगु फिल्म ‘मां इंति बंगारम’ बॉक्स ऑफिस पर नोटों की बारिश कर रही है। फिल्म ने रिलीज के शुरुआती दो दिनों के भीतर ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 13 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार कर सबको चौंका दिया है। वहीं अगर वर्ल्डवाइड (वैश्विक) बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें, तो यह फिल्म महज दो दिनों में 25 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई का आंकड़ा पार कर चुकी है। फिल्म समीक्षकों का मानना है कि वर्ड ऑफ माउथ के कारण आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई में और बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है।














