प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 मार्च को ‘सबका साथ, सबका विकास- लोगों की उम्मीदों को पूरा करना’ थीम पर पोस्ट बजट वेबिनार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करेंगे। इस वेबिनार में कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर चर्चा की जाएगी, जिसमें शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य, आयुष, पर्यटन, और हॉस्पिटैलिटी शामिल हैं।
इस वेबिनार के दौरान एजुकेशन से एम्प्लॉयमेंट के रास्तों को मज़बूत करने के साथ-साथ एनिमेशन, विज़ुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (AVGC) कंटेंट क्रिएटर लैब्स का विकास, हेल्थ प्रोफेशनल्स और केयरगिवर ट्रेनिंग का विस्तार, रीजनल मेडिकल हब और नए आयुष संस्थान बनाने के साथ ही पर्यटन से संबंधित पहल, जैसे हॉस्पिटैलिटी स्किल डेवलपमेंट, सस्टेनेबल टूरिज्म ट्रेल्स और नॉर्थ-ईस्टर्न रीजन में बुद्धिस्ट सर्किट और हेरिटेज टूरिज्म प्रमोशन पर भी चर्चा होगी।
बता दें, इस पोस्ट बजट वेबिनार का उद्देश्य सरकार, उद्योग और क्षेत्रीय विशेषज्ञों के बीच एक साझेदारी का मंच तैयार करना है, ताकि बजट में की गई घोषणाओं को वास्तविक रणनीतियों में बदला जा सके और उनका प्रभावी कार्यान्वयन किया जा सके।
इस चर्चा से प्रैक्टिकल सुझाव मिलने की उम्मीद है, जो विकास और समावेशी ग्रोथ के दिशा में तेज़ी लाने में मदद करेगा।
संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू हो रहा है, और पहले चरण की समाप्ति 13 फरवरी को हुई थी, जिसमें भारत-यूएस अंतरिम ट्रेड डील और पूर्व आर्मी चीफ जनरल MM नरवणे की किताब पर भी राजनीतिक बहस चली थी।














